
संत तुलसीदास कृत रामचरित मानस के बालकांड से लेकर उत्तरकांड तक को महज 6 मिनट में रैप बीट्स में गाने वाले बॉलीवुड पार्श्वगायक, अभिनेता, निर्माता एवं संगीतकार सोमेश्वर नारायण शर्मा उर्फ सोमेश्वर महादेवन गुरुवार को स्वर्णनगरी पहुंचे। वॉइस ऑफ राजस्थान सहित कई खिताब अपने नाम कर चुके महादेवन ने यहां जिला कलक्टर सहित अनेक प्रबुद्धजनों से मिल कर उनके साथ विचार-विमर्श किया।
राजस्थान कल्चरल टूर के अंतर्गत जैसलमेर आए सोमेश्वर ने पत्रिका से खास बातचीत में बताया कि यह प्रदेश का 16वां जिला है। वे सभी जिलों में पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य युवाओं व बच्चों को धर्म, अध्यात्म और भारतीय संस्कारों से जोडऩा है। इसी लक्ष्य के साथ वे विभिन्न शहरों की यात्राएं कर रहे हैं। यूएसए क्यूब प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित रामचरित रैप में बालकांड से उत्तरकांड तक संपूर्ण रामायण का सार 6 मिनट में प्रस्तुत किया है। यह एक अनूठा संगीत प्रयोग है, जिसमें श्लोक, चौपाइयां और भक्ति स्तुतियों को आधुनिक रैप बीट्स के साथ जोड़ा है।
अवध में आज दिवाली है, जैसे लोकप्रिय भजन गाकर लोकप्रिय हुए सोमेश्वर ने बताया कि आधुनिक संगीत के माध्यम से रामचरित मानस से युवाओं को जोड़ा जा रहा है। उनके गाए गजानना हे महामहे को भी काफी सराहा गया है। गौरतलब है कि महादेवन को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में भजन प्रस्तुत करने का भी अवसर मिला था। मूलत: बीकानेर निवासी सोमेश्वर को अब तक वॉइस ऑफ राजस्थान और वॉइस ऑफ महाराष्ट्र, इंटरनेशनल आइकॉन, रिफ से बेस्ट प्लेबैक सिंगर जैसे सम्मान मिल चुके हैं।
महादेवन राजस्थानी मांड राग को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए भी प्रयासरत हैं। उन्होंने जेड प्लस, जय मां शकुंबरी सहित अन्य फिल्मों में अभिनय में भी हाथ आजमाया है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि कंटेंट क्रिएटर के नाम पर कुछ भी करने के बजाए वे साधना के रूप में संगीत को अपनाएं। उन्होंने कहा कि हमने रैप को एक नया धार्मिक और आध्यात्मिक रूप दिया है, ताकि संगीत से युवाओं को भगवान राम के आदर्शों से जोड़ा जा सके।
Published on:
12 Feb 2026 09:01 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
