15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गड़ीसर: पर्यटन-फिटनेस और सौंदर्य का नया केंद्र बनने की ओर अग्रसर

स्वर्णनगरी का ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण गड़ीसर सरोवर क्षेत्र अब नए और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा। राज्य सरकार की पहल पर आरयूआइडीपी की ओर से गड़ीसर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए करीब 66 करोड़ रुपए की योजना बनाई गई है। इसके तहत पहले चरण में लगभग 23 करोड़ रुपए के विकास और सुंदरता में अभिवृद्धि करने वाले कार्य प्रगति पर है।

2 min read
Google source verification

स्वर्णनगरी का ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण गड़ीसर सरोवर क्षेत्र अब नए और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा। राज्य सरकार की पहल पर आरयूआइडीपी की ओर से गड़ीसर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए करीब 66 करोड़ रुपए की योजना बनाई गई है। इसके तहत पहले चरण में लगभग 23 करोड़ रुपए के विकास और सुंदरता में अभिवृद्धि करने वाले कार्य प्रगति पर है।

गड़ीसर की पाल के विस्तार और उस पर जैसलमेरी पत्थर से बन रहे फर्श से भविष्य की झलक नजर आने लगी है। इन कार्यों के पूरा होने के बाद गड़ीसर झील क्षेत्र न केवल पर्यटन का प्रमुख आकर्षण बनेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी यह फिटनेस और सैर-सपाटे का बेहतरीन केंद्र बन जाएगा। योजना के तहत गड़ीसर झील के आसपास बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लंबे समय से गड़ीसर क्षेत्र में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब इस योजना के माध्यम से सरोवर के चारों ओर सुव्यवस्थित विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे यहां आने वाले सैलानियों और शहरवासियों को बेहतर अनुभव मिल सकेगा।

पर्यटकों के लिए आकर्षण बढ़ाने पर जोर

गड़ीसर जैसलमेर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। नई योजना के तहत क्षेत्र में आकर्षक लैंडस्केपिंग, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्य करवाए जाएंगे। इससे शाम के समय यहां का नजारा और भी मनमोहक बनेगा। साथ ही पर्यटकों के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था, फोटो प्वाइंट और दर्शनीय स्थल विकसित किए जाएंगे ताकि वे यहां अधिक समय बिता सकें।

वॉकवे और फिटनेस गतिविधियों के लिए विशेष व्यवस्था

योजना के तहत गड़ीसर के आसपास आधुनिक वॉकवे का निर्माण किया जाएगा, जिससे पर्यटक और स्थानीय लोग सुरक्षित और आरामदायक तरीके से इसके किनारे टहल सकेंगे। इसके अलावा फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खुले स्थानों पर फिटनेस उपकरण और व्यायाम स्थल भी विकसित किए जा सकेंगे। इससे सुबह-शाम सैर करने वालों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी।

सौंदर्यीकरण से बढ़ेगी क्षेत्र की पहचान

गड़ीसर क्षेत्र के विकास के साथ-साथ यहां व्यापक सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। हरियाली बढ़ाने, बैठने के आकर्षक स्थल बनाने और पारंपरिक शैली की संरचनाओं को संवारने की योजना है। इससे गड़ीसर का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व भी बरकरार रहेगा और क्षेत्र की पहचान और अधिक मजबूत होगी। स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इस योजना के पूरा होने के बाद गड़ीसर झील न केवल जैसलमेर के पर्यटन मानचित्र पर और अधिक चमकेगी, बल्कि यह शहरवासियों के लिए भी एक आदर्श पर्यटन और फिटनेस स्थल के रूप में विकसित होगी।