जयपुर, Jun 02, 2026

तूंगा थाना में खड़ा जब्त डंपर
तूंगा (जयपुर)। तूंगा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत किशनपुरा में मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। खान क्षेत्र से पत्थर भरकर आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने गांव निवासी अर्जुन लाल मीणा (45) पुत्र किसना राम मीणा को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया, वहीं ग्रामीणों का गुस्सा भी फूट पड़ा।
सैकड़ों ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर जमा हो गए तथा शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतक के पुत्र रोहित कुमार मीणा ने तूंगा थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि पिता मंगलवार सुबह मंदिर दर्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान खान क्षेत्र की ओर से तेज गति से आ रहे डंपर ने चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्जुन लाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर को छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। लोगों ने प्रशासन और खान संचालकों पर गंभीर आरोप लगाए।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस खान से यह डंपर निकलकर आया, उसका संचालन आबादी क्षेत्र के बेहद नजदीक हो रहा है। शुरुआत से ही गांव के लोग इस खान और भारी वाहनों की आवाजाही का विरोध करते रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार प्रशासन को लिखित और मौखिक रूप से चेताया गया था कि संकरे रास्तों और आबादी क्षेत्र के बीच से गुजरने वाले डंपर कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं, लेकिन उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया।
सूचना मिलते ही थानाधिकारी श्रीराम मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों से समझाइश की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया। पुलिस द्वारा कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया और पुलिस शव को बस्सी उप जिला अस्पताल लेकर पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजन को मुआवजा राशि, संबल सहायता, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और आबादी क्षेत्र से खान की दूरी सुनिश्चित करने की मांग की।
Published on: 02 Jun 2026 09:27 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।