24 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान पर्यटन की बल्ले-बल्ले; साल 2025 में आए 25 करोड़ से अधिक टूरिस्ट, लेकिन विदेशी पर्यटकों की संख्या घटी, जानें क्यों?

Rajasthan Tourism: साल 2023 में राजस्थान में पर्यटकों की संख्या में 65 प्रतिशत और 2024 में 28.5 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई थी। इन दो वर्षों के बाद साल 2025 में 10 प्रतिशत की वृद्धि को पर्यटन विभाग अभूतपूर्व मान रहा है।

2 min read
Google source verification
Rajasthan Tourism

फोटो- एआई जेनरेटेड

जयपुर। पिछले दो सालों से राजस्थान में पर्यटन लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और यह रुझान साल 2025 में भी बरकरार रहा। इस वर्ष राज्य में पर्यटकों की संख्या में करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पर्यटन विभाग के अनुसार, वर्ष 2024 में जहां 23.22 करोड़ पर्यटक राजस्थान पहुंचे थे, वहीं 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 25.44 करोड़ हो गया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की वृद्धि राजस्थान पर्यटन के लिए एक बड़ी और सकारात्मक उपलब्धि है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2023 में राजस्थान में पर्यटकों की संख्या में 65 प्रतिशत और 2024 में 28.5 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई थी। इन दो वर्षों के बाद 2025 में 10 प्रतिशत की वृद्धि को पर्यटन विभाग अभूतपूर्व मान रहा है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, आमतौर पर इतने ऊंचे आधार के बाद वृद्धि की रफ्तार धीमी हो जाती है, लेकिन राजस्थान ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। इससे यह पता चलता है कि राज्य की पर्यटन क्षमता लगातार मजबूत हो रही है।

विदेशी पर्यटकों की संख्या में गिरावट

हालांकि, साल 2025 में विदेशी पर्यटकों की संख्या में 6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह गिरावट राष्ट्रीय औसत से कम रही। पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि पहलगाम आतंकी हमला और उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर का असर देशभर में विदेशी पर्यटकों के आगमन पर पड़ा। इसका प्रभाव राजस्थान पर भी दिखा, लेकिन राज्य की स्थिति अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर रही।

फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (FHTR) के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने कहा कि राजस्थान देश में एक बेजोड़ पर्यटन अनुभव प्रदान करता है। समृद्ध विरासत, रंगीन संस्कृति और रेगिस्तानी परिदृश्य राज्य को खास बनाते हैं, जिसके कारण लोग बार-बार यहां आना पसंद करते हैं।

शादी-MICE और नए प्रोजेक्ट बने ताकत

उद्योग प्रतिनिधियों के अनुसार, अब पर्यटन केवल घूमने तक सीमित नहीं है। मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस और एग्जीबिशन (MICE) के साथ-साथ डेस्टिनेशन वेडिंग्स में भी बड़ा उछाल आया है। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट रणविजय सिंह ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में शादियों और MICE आयोजनों के लिए सुविधाएं कई गुना बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग लगातार प्रचार-प्रसार कर रहा है और कई नए प्रोजेक्ट भी शुरू किए गए हैं। इनमें महाराणा प्रताप सर्किट, खाटू श्याम मंदिर का सौंदर्यीकरण और अन्य सुविधाओं का विस्तार शामिल है। साथ ही कम प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उनका मानना है कि इन प्रयासों से आने वाले समय में राजस्थान का पर्यटन और मजबूत होगा और पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी का सिलसिला लंबे समय तक जारी रहेगा।