2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IMD Alert: राजस्थान में 27 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ का रहेगा तगड़ा असर, 18 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि की बड़ी चेतावनी

IMD Alert: राजस्थान में एक बार मौसम फिर पूरी तरह से बदल गया है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मौसम विभाग ने 27 जनवरी के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। 18 जिलों में वज्रपात, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Jan 24, 2026

Rain And Hailstorm

फोटो-पत्रिका

जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार 26 और 27 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली (वज्रपात) और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना जताई गई है। इस सिस्टम का असर खास तौर पर उत्तर और पूर्वी राजस्थान के जिलों में अधिक देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक 26 जनवरी को दोपहर बाद पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो सकती है। इस दिन भरतपुर संभाग और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। वहीं 27 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा रहेगा। इस दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभाग के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की प्रबल आशंका है। कुछ संवेदनशील इलाकों में ओले गिरने की भी चेतावनी दी गई है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।

वज्रपात का अधिक खतरा

मौसम विभाग ने 27 जनवरी के लिए अलवर जिले में विशेष रूप से मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। किसानों और आम लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि 24 और 25 जनवरी को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि शेखावाटी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं शीतलहर चल सकती है।

27 जनवरी को इन जिलों में अलर्ट

27 जनवरी को कई जिलों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली (वज्रपात) का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पूर्वी राजस्थान के अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक शामिल हैं। वहीं पश्चिमी राजस्थान के अलर्ट वाले जिलों में चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्र और डीडवाना-कुचामन शामिल हैं।

ओलावृष्टि अधिक होने की संभावना

मौसम विभाग की निगरानी टीम पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। यदि सिस्टम की तीव्रता बढ़ती है तो कुछ जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं। 28 जनवरी से एक बार फिर मौसम के शुष्क होने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें और अनावश्यक जोखिम न लें।

Story Loader