
Rajasthan Congress (Patrika File Photo)
Rajasthan Congress Connect Center: राजस्थान में आगामी पंचायत और निकाय चुनावों को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने अपनी चुनावी मशीनरी को धार देना शुरू कर दिया है। संगठन को डिजिटल रूप से सशक्त और अधिक जवाबदेह बनाने के लिए जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस वॉररूम में ‘कनेक्ट सेंटर’ को सक्रिय किया गया है।
प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशों पर इस सेंटर के संचालन के लिए एक मजबूत टीम तैनात की गई है। प्रदेश महासचिव जसवंत गुर्जर को चेयरमैन की कमान सौंपी गई है। वहीं, को-चेयरमैन राजेंद्र यादव और पुष्पेन्द्र मीणा को सहयोग के लिए नियुक्त किया गया है। 10 पदाधिकारियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है, जो सीधे तौर पर जमीनी गतिविधियों की निगरानी करेंगे।
कनेक्ट सेंटर का प्राथमिक लक्ष्य संगठन के निचले स्तर (मंडल और ब्लॉक) तक की गतिविधियों को ट्रैक करना है। जिला, ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों के कार्यों का न केवल मूल्यांकन होगा, बल्कि उनकी अनिवार्य त्रैमासिक रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी। 'कांग्रेस कनेक्ट' प्लेटफॉर्म के जरिए पदाधिकारियों को कार्य आवंटित किए जाएंगे और उनकी वास्तविक प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
वॉररूम का यह केंद्र कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण और तकनीकी सपोर्ट प्रदान करेगा, ताकि चुनावी तैयारियों में कोई कमी न रहे। यह कदम दर्शाता है कि कांग्रेस अब केवल रैलियों के भरोसे न रहकर डेटा और जवाबदेही के आधार पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। मंडल स्तर तक की मॉनिटरिंग से निष्क्रिय पदाधिकारियों की पहचान आसान होगी और संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा।
Published on:
15 Feb 2026 10:22 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
