
ऑटो चालक की लापरवाही से मासूम की मौत (फोटो- पत्रिका)
Jaipur Road Accident: जयपुर के गांधीनगर थाना इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की लापरवाही ने चार साल की मासूम बच्ची की जान ले ली। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
झालाना निवासी राहुल महावर ने इस संबंध में गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, 18 जनवरी की रात करीब नौ बजे राहुल अपने परिवार के साथ ऑटो में सवार होकर जवाहर नगर टीला नंबर-6 स्थित एक कार्यक्रम में जा रहे थे। जब उनका ऑटो आरटीओ चौराहे पर पहुंचा, तब ट्रैफिक सिग्नल लाल था। इसके बावजूद ऑटो चालक ने नियमों की अनदेखी करते हुए तेज रफ्तार में वाहन चलाया और अचानक लापरवाही से मोड़ काट लिया।
तेज और असंतुलित टर्न के कारण ऑटो के पीछे बैठी राहुल की बेटी वियांशी (4) संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिर गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, पीछे से आ रही एक कार बच्ची को कुचलते हुए निकल गई। घटना के तुरंत बाद परिजन बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने ऑटो चालक की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण मानते हुए जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है।
Published on:
24 Jan 2026 07:52 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
