6 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Good News: तैयार रहें, 18 मार्च को 10वीं, 12वीं और स्नातक पास युवाओं के लिए नौकरी के लिए मिलेगा मौका

Career Counseling: करियर मार्गदर्शन एवं रोजगार सहायता शिविर में मौके पर होंगे इंटरव्यू। युवा आवास परिसर में मिलेगा रोजगार और करियर मार्गदर्शन का अवसर।

less than 1 minute read
Google source verification

जयपुर

image

Rajesh Dixit

Mar 06, 2026

Rajasthan Jobs: जयपुर. दसवीं, बारहवीं और स्नातक पास युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें सही करियर मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से 18 मार्च को जयपुर के युवा आवास परिसर में करियर मार्गदर्शन एवं रोजगार सहायता शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर जयपुर जिला प्रशासन, युवा मामले एवं खेल विभाग तथा कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें यूनिसेफ का सहयोग भी रहेगा।

इस शिविर में विभिन्न निजी कंपनियां और नियोजक अपने यहां उपलब्ध रिक्त पदों के साथ भाग लेंगे। निर्माण, लॉजिस्टिक, बैंकिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, सिक्योरिटी, कॉल सेंटर, होटल, हॉस्पिटल और बीमा जैसे कई क्षेत्रों से जुड़े निजी नियोजक मौके पर ही युवाओं के साक्षात्कार लेकर प्राथमिक चयन करेंगे। इससे युवाओं को सीधे रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

शिविर में केवल निजी क्षेत्र ही नहीं बल्कि कई सरकारी विभाग भी शामिल होंगे। आईटीआई, राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम, राष्ट्रीय करियर सेवा फॉर एससी/एसटी, जिला उद्योग केन्द्र जयपुर तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित कई संस्थान अपने-अपने विभागों की योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी युवाओं को देंगे। इससे युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसरों की भी जानकारी मिल सकेगी।

उप प्रादेशिक रोजगार कार्यालय जयपुर की उपनिदेशक नवरेखा ने बताया कि इस शिविर में करियर काउंसलर्स द्वारा युवाओं की योग्यता और रुचि के अनुसार उचित करियर मार्गदर्शन भी दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य के लिए सही दिशा चुन सकें।

उन्होंने बताया कि दसवीं, बारहवीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और नर्सिंग जैसी विभिन्न योग्यताओं वाले बेरोजगार युवा इस शिविर में भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की मूल एवं छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे।