
जयपुर. अतिक्रमण और जाम से जूझता रहा चांदपोल बाजार अब धीरे-धीरे राहत की स्थिति में नजर आने लगा है। नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाकर निगरानी के लिए गार्ड तैनात किए जाने के बाद बाजार की तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है। सड़क और बरामदे खाली होने लगे हैं, जिससे आवाजाही सुगम हुई है। शुक्रवार को बाजार पहले की तुलना में खुला-खुला नजर आया। निगम के सुरक्षा गार्ड व्यापारियों को अतिक्रमण नहीं करने के लिए समझाइश करते दिखे।
नगर निगम ने परकोटे के बाजारों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए चांदपोल को मॉडल बाजार के रूप में चुना है। पिछले एक सप्ताह से निगम प्रशासन लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है। रोजाना अतिक्रमण निरोधक दस्ता बाजार में पहुंच रहा है। निगम ने यहां 8 गार्ड तैनात किए हैं, जो पूरे दिन बाजार में निगरानी रख रहे हैं।
गार्डों को अलग-अलग हिस्सों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। छोटी चौपड़ से खजाने वालों का रास्ता, खजाने वालों का रास्ता से संजय सर्कल, चांदपोल गेट से जयलाल मुंशी का रास्ता और जयलाल मुंशी का रास्ता से छोटी चौपड़ तक दो—दो गार्ड तैनात किए गए हैं। ये गार्ड सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक बाजार में घूमकर निगरानी कर रहे हैं।
निगम प्रशासन चांदपोल के बाद किशनपोल बाजार, चौड़ा रास्ता और जौहरी बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाएगा। अगले माह से इन बाजारों में सख्ती शुरू की जाएगी और निगरानी के लिए गार्ड लगाए जाएंगे।
समझाइश कर ली
व्यापारियों से समझाइश कर ली गई है और आगे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर भारी जुर्माना वसूला जाएगा।
- पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़, सतर्कता उपायुक्त, नगर निगम
Published on:
03 Feb 2026 11:56 am

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
