
जयपुर। रवीन्द्र मंच पर रविवार को रंगकर्म सम्मान समारोह एवं स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। थिएटर आर्टिस्ट एसोसिएशन जयपुर, आर्टिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान तथा संयुक्त कलाकार अभियान से जुड़े कलाकारों सहित बड़ी संख्या में रंगकर्मी एक मंच पर संगठित नजर आए।
इस दौरान कलाकारों ने रवीन्द्र मंच, जवाहर कला केंद्र एवं राजस्थान संगीत नाटक अकादमी में खाली पड़े पदों, लंबित राजनीतिक नियुक्तियों और दयनीय स्थिति को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की तथा इनकी दशा सुधारने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया। बड़ी संख्या में कलाकारों ने बैनर पर हस्ताक्षर किए। अभिनेत्री एवं वरिष्ठ रंगकर्मी राम पांडे ने कहा कि रवीन्द्र मंच को उसकी पुरानी गरिमा और पहचान लौटाने की जरुरत है। वरिष्ठ रंगकर्मी नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि मंच की स्थिति सुधारने के लिए कलाकारों को संघर्ष करना होगा।
नाट्य-पुरोधा सम्मान और रंगशीर्ष सम्मान से नवाजा
इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ रंगकर्मियों एवं नाटक-पुरोधाओं को उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया। नाट्य-पुरोधा सम्मान से भारत रत्न भार्गव, सरताज नारायण माथुर, वासुदेव भट्ट, राम पांडे, नरेंद्र गुप्ता, साबिर खान, राधेलाल बांका, रवि झांकल, रवि चतुर्वेदी और हामिद भारती को सम्मानित किया गया। वहीं रंगशीर्ष सम्मान से अशोक राही, दिलीप भट्ट, दौलत वैद, शाहजहां अली, गगन मिश्रा, प्रदर्शनी मिश्रा, अभिषेक मुद्गल एवं मुकेश वर्मा सोनी को सम्मानित किया गया।
सरकार के समक्ष रखीं यह मांगें
रवीन्द्र मंच के नवीनीकरण के लिए बजट बढ़ाया जाए और तत्काल स्वीकृत किया जाए।
रवीन्द्र मंच, जवाहर कला केंद्र एवं राजस्थान संगीत नाटक अकादमी सहित अन्य कला अकादमियों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की जाए।
जवाहर कला केंद्र में चल रही अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
रवीन्द्र मंच परिसर में जवाहर कला केंद्र की तर्ज पर कॉफी हाउस का निर्माण हो।
Updated on:
25 Jan 2026 09:26 pm
Published on:
25 Jan 2026 09:24 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
