जयपुर, Jun 05, 2026

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि बिजली और पानी की बचत, अधिक से अधिक पौधारोपण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने आगामी वर्षा ऋतु में 'मिशन हरियालो राजस्थान' के तहत अधिकाधिक पौधे लगाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने बताया कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अब तक लगभग 19 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि इस वर्ष 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए राज्य सरकार द्वारा नमो चंदन वन, नमो नर्सरी, नमो वन, मॉडल ऑक्सीजोन, गोबरधन परियोजना के तहत बायोगैस संयंत्र और वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जयपुर में वायु गुणवत्ता के पूर्वानुमान के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम भी स्थापित किया गया है।
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वच्छ भारत अभियान, मिशन लाइफ, नमामि गंगे, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम और पीएम सूर्य घर योजना जैसी पहलें प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' भी जनभागीदारी का बड़ा उदाहरण बनकर उभरा है, जिसमें करीब चार करोड़ नागरिकों ने योगदान दिया है।
समारोह में अलवर और भिवाड़ी में अर्ली वार्निंग सिस्टम का शुभारंभ किया गया। साथ ही राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल और सीएसआईआर के बीच प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न पर्यावरणीय परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में कई मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों, पर्यावरणविदों और प्रकृति प्रेमियों ने भाग लिया।
संबंधित विषय:
Published on: 05 Jun 2026 05:35 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।