
File Photo
अलवर। जिले के सदर थाना क्षेत्र के केसरपुर गांव में सोमवार को एक 40 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। महिला ने जहरीला पदार्थ सेवन किया था, जिसके बाद इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान आशा मीणा के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से अपने पीहर में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इस मामले में थाने में कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
मृतका के भाई नरेंद्र मीणा ने बताया कि आशा मीणा की शादी करीब 20 साल पहले अलवर शहर के मीणा पाड़ी निवासी घनश्याम मीणा से हुई थी। घनश्याम शराब पीने का आदी था और अक्सर आशा के साथ मारपीट करता था। इसी कारण आशा शादी के करीब एक साल बाद ही ससुराल छोड़कर अपने पीहर आकर रहने लगी थी। इसके बाद वह लंबे समय से अपने मायके में ही रह रही थी।
करीब एक साल पहले आशा के पति घनश्याम मीणा ने आत्महत्या कर ली थी। पति की मौत के बाद आशा की मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा और वह अवसाद में चली गई। परिजनों के अनुसार, सोमवार को आशा इलाज के सिलसिले में अलवर के अस्पताल में डॉक्टर को दिखाया था।
अस्पताल से लौटने के बाद उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घर पहुंचने पर उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, सोमवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मृतका के भाई नरेंद्र मीणा ने बताया कि उनके पिता धनपाल मीणा दिल्ली में रक्षा मंत्रालय में कार्यरत हैं। पति की मौत के बाद से आशा मानसिक रूप से काफी परेशान थी। परिजनों ने फिलहाल इस मामले में किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही थाने में कोई शिकायत दर्ज कराई गई है।
Published on:
10 Feb 2026 03:20 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
