
सेना दिवस फोटो-पत्रिका
जयपुर: राजधानी में इस बार 15 जनवरी को सेना दिवस परेड भव्य रूप से आयोजित की जाएगी। इसके लिए पूरे शहर में एक सप्ताह तक विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में भारतीय सेना की प्रदर्शनी, सवाई मान सिंह (SMS) स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम और जगतपुरा में मुख्य परेड शामिल हैं। इन आयोजनों के माध्यम से आमजन को सेना की शक्ति और पराक्रम को दिखाया जाएगा।
8 जनवरी से 12 जनवरी तक सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज में ‘नो योर आर्मी’ (Know Your Army) प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। यहां आम लोग भारतीय सेना की विभिन्न आधुनिक हथियार तोपों, आर्टिलरी उपकरणों और सैन्य संसाधनों को नजदीक से देख सकेंगे।
सेना के अधिकारियों ने जानकारी दी कि 15 जनवरी को मुख्य परेड होगी, जबकि 9, 11 और 13 जनवरी को आमजन रिहर्सल परेड देख सकेंगे। इसके अलावा, SMS स्टेडियम में ‘शौर्य संध्या’ नाम से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में नौ ठिकानों को निशाना बनाए गए अभियान को दर्शाया जाएगा। कार्यक्रम में पेशेवर कलाकार पांच ठिकानों का मंचन करेंगे, जबकि शेष चार ठिकानों से संबंधित फुटेज दिखाए जाएंगे।
ये तीनों कार्यक्रम प्रदर्शनी, शौर्य संध्या और सेना दिवस परेड आम नागरिकों के लिए निःशुल्क होंगे। ‘नो योर आर्मी’ प्रदर्शनी के लिए किसी प्रकार का पास आवश्यक नहीं होगा। हालांकि, SMS स्टेडियम में आयोजित शौर्य संध्या के लिए जिला कलेक्टर कार्यालय से पास प्राप्त करना अनिवार्य होगा। सेना दिवस परेड के लिए जिला कलक्टर कार्यालय द्वारा एक गूगल फॉर्म जारी किया जाएगा, जिसे भरकर लोग अपनी सीट पहले से सुनिश्चित कर सकेंगे।
आर्मी डे परेड में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टर, सैन्य टुकड़ियों का मार्च, टैंक, मिसाइल और ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन किया जाएगा। परेड में नेपाल आर्मी बैंड भी हिस्सा लेगा। इसके अलावा 15 जनवरी को एसएमएस स्टेडियम में ‘शौर्य संध्या 2026’ का आयोजन होगा, जिसमें शहीदों के परिजनों का सम्मान, परंपरागत युद्ध कलाओं का प्रदर्शन और ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित भव्य लाइट एंड साउंड शो होगा। कार्यक्रम के दौरान 1000 ड्रोन का शो भी होगा। जो आकर्षण का केंद्र बनेगा।
अधिकारियों के अनुसार, 15 जनवरी को आयोजित होने वाली सेना दिवस परेड के लिए आयोजन स्थल पर लगभग 12 हजार दर्शकों की बैठक व्यवस्था होगी, जबकि कुल मिलाकर करीब 40 हजार दर्शकों की क्षमता रखी गई है।
Published on:
06 Jan 2026 04:49 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
