29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जगदलपुर, May 28, 2026

छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच बदला मौसम, कहीं राहत की बारिश तो कहीं आकाशीय बिजली गिरने से मौत

weather update: नौतपा की भीषण गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली। बस्तर, मनेन्द्रगढ़ और आसपास के इलाकों में बारिश से राहत मिली, वहीं गरियाबंद में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई।

Weather News

छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच बदला मौसम (photo source- Patrika)

Weather News: नौतपा की भीषण गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बस्तर संभाग समेत कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश ने जहां लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत दी, वहीं गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पेड़ के नीचे बैठे 34 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे गांव में मातम छा गया है। अचानक बदले मौसम ने एक ओर राहत दी तो दूसरी ओर चिंता भी बढ़ा दी है।

Weather News: आकाशीय बिजली से युवक की मौत, गांव में मातम

गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के माहुलकोट गांव में 34 वर्षीय चितानंद भोई की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक पेड़ के नीचे बैठा हुआ था, तभी अचानक मौसम बिगड़ा और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे देवभोग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

बस्तर में बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत

पिछले कई दिनों से बस्तर संभाग में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया था। लेकिन गुरुवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली।

Weather News: मनेंद्रगढ़ में भी झमाझम बारिश

इसी तरह मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में भी मौसम ने अचानक रूप बदला। दोपहर तक जहां तेज धूप और लू से लोग परेशान थे, वहीं शाम होते-होते आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लगातार बढ़ती गर्मी और लू से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली।

मौसम का दोहरा असर

एक तरफ जहां बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी, वहीं आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं ने चिंता भी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी इस तरह के बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जिससे सावधानी बरतना जरूरी है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें