
गर्मी बढ़ते ही आग की घटनाओं में इजाफा! चार दिनों में 13 जगह लगी आग, समय रहते टली बड़ी दुर्घटना(photo-patrika)
CG News: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में मार्च की शुरुआत के साथ ही बढ़ती गर्मी और सूखे पत्तों के कारण जगदलपुर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में आग लगने की घटनाएं तेजी से सामने आ रही हैं। पिछले चार दिनों के भीतर आग लगने की 13 घटनाएं दर्ज की गई हैं। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
जानकारी के अनुसार आरापुर क्षेत्र में नीलगिरी प्लांट में अचानक आग लग गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके अलावा डूंगरीगुड़ा क्षेत्र की सूखी झाड़ियों में भी आग भड़क उठी। तेज गर्मी और सूखे पत्तों के कारण आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन समय रहते अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
मालगांव में फसल अवशेष यानी पैरावट के ढेर में लगी आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के क्षेत्र में नुकसान की आशंका बढ़ गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ी जन-धन हानि टल गई।
होली के दिन भी आग लगने की चार अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। घाट कवाली, कलचा के जंगलों और महकापाल क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली। इन जगहों पर आग बुझाने के लिए अग्निशमन टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आग को फैलने से रोक दिया।
इसी दौरान कुम्हारपारा एयरपोर्ट के सामने एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई। घटना से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और तुरंत आग को बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।
अगले दिन करकापाल और सरगीपाल के जंगलों में भी आग फैलने की घटनाएं सामने आईं। हालांकि समय रहते अग्निशमन दल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को नियंत्रित कर लिया, जिससे जंगलों में बड़ा नुकसान होने से बच गया।
लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग का कहना है कि गर्मी के मौसम में सूखी झाड़ियों, कचरे या पैरावट के ढेर में आग न लगाएं, क्योंकि इससे आग तेजी से फैल सकती है और बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आग की घटना की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को देने की अपील की है।
Published on:
07 Mar 2026 11:25 am
बड़ी खबरें
View Allजगदलपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
