जबलपुर, Jan 31, 2026

Jewelry
जबलपुर। शहर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरी की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ है। घर की देखभाल के लिए रखी गई नौकरानी ने ही मालिक के भरोसे का फायदा उठाते हुए धीरे-धीरे लाखों के जेवरात पार कर दिए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी नौकरानी और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से करीब 12 लाख 70 हजार रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नव निवेश कॉलोनी निवासी मयंक सिंह ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सास की देखभाल के लिए नरसिंहपुर निवासी मनीषा कहार को काम पर रखा गया था। जनवरी माह में जब मयंक की पत्नी नेहा ठाकुर ने अलमारी और सूटकेस चेक किया, तो बड़े पैमाने पर जेवरात गायब मिले। संदेह होने पर मयंक ने कमरे में गुप्त रूप से सीसीटीवी कैमरा लगवाया। 14 जनवरी को रिकॉर्डिंग देखने पर नौकरानी मनीषा अलमारी और सूटकेस की तलाशी लेते हुए रंगे हाथों कैद हो गई।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी मनीषा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अलमारी की चाबी रखने की जगह (साड़ी के नीचे) पर नजर रखती थी। उसने वर्ष 2025 में रक्षाबंधन के समय से ही धीरे-धीरे जेवर और नकदी चोरी करना शुरू कर दिया था। चोरी किए गए जेवरों को वह एकता मार्केट (गौर) स्थित विपिन ज्वेलर्स के संचालक विपिन उर्फ अभिषेक सोनी को बेच देती थी और उससे मिले पैसों को अपने पिता को दे देती थी।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में गठित टीम ने कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी सुनार के पास से करीब 70 ग्राम सोने के जेवर (हार, मंगलसूत्र, पंचाली, चेन आदि) और नौकरानी के पास से चांदी की पायलें बरामद की हैं।
कार्यवाही: पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 29/26 धारा 306, 317(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपिया मनीषा को जेल भेज दिया गया है, जबकि सुनार विपिन सोनी को रिमांड पर लेकर अन्य चोरी गए सामान के बारे में पूछताछ की जा रही है। इस चोरी के खुलासे में थाना प्रभारी बी.डी. द्विवेदी, उप निरीक्षक विनोद द्विवेदी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Published on: 31 Jan 2026 05:28 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।