ग्वालियर, Jun 02, 2026

MP weather: (Photo Source - Patrika)
MP weather: मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में इस बार नौतपा और भीषण गर्मी का पारंपरिक मिजाज पूरी तरह बदला नजर आया। नौतपा के नौंवे दिन भीषण गर्मी के बजाय लोगों को मार्च जैसी राहत का अहसास हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री लुढ़ककर 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.5 डिग्री कम यानी 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 35 साल बाद ऐसी स्थिति बनी है जब शहर और जिले में रिकॉर्ड तोड़ आंधी-तुफान आए हैं।
गर्मी के पूरे 92 दिनों के सीजन में हर महीने 6 से 7 पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेस) आने और प्री-मानसून एक्टिविटी के चलते राजस्थान की गर्म हवाएं ग्वालियर को ज्यादा समय तक नहीं झुलसा सकीं। यही कारण रहा कि इस पूरे सीजन में जनता को केवल एक ही दिन लू का प्रकोप झेलना पड़ा। अब मानसून सीजन शुरू हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अब मानसून का सीजन शुरू हो चुका है। जून महीने में जो भी बारिश होगी, वह सीधे मानसून के कोटे में दर्ज की जाएगी। हालांकि, इस बार जून में साल 2025 जैसी रिकॉर्ड तोड़ बारिश (251 मिमी) होने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने इस साल जून में औसत से कम बारिश के आसार जताए हैं, साथ ही मानसून भी कुछ देरी से दस्तक दे सकता है। जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून के पहुंचने की संभावना है।
झमाझम और राहतः आंधी और बारिश का दौर चलेगा। पारा 40 डिग्री या उससे कम रहेगा। दक्षिण-पूर्वी हवाओं के कारण उमस बढ़ेगी।
ब्रेक और उमसः शुरुआती दिनों में आंधी-बारिश जारी रह सकती है, लेकिन सप्ताह के मध्य से गर्मी फिर रफ्तार पकड़ेगी।
सबसे गर्म दिनः यह हफ्ता सीजन का सबसे गर्म हो सकता है। पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। तीखी उमस से लोग बेहाल होंगे।
सक्रिय मानसूनः जून के आखिरी दिनों में प्री-मानसून हलचल तेज होगी और मानसून रफ्तार पकड़ेगा। झमाझम बारिश के आसार बनेंगे।
ग्वालियर-चंबल संभाग में चार से पांच दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। बारिश के कारण हीटवेव की संभावना नहीं है। नया पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर से आ रहा है, जिससे मौसम में बदलाव आएगा।- अरुण कुमार, मौसम वैज्ञानिक
-सिर्फ 7 दिन ही तपा ग्वालियर
-सिर्फ 6 बार पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार जा सका।
-मई के महीने में केवल एक दिन तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
-पूरे 92 दिनों के सीजन में केवल 7 दिन ही लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
Published on: 02 Jun 2026 05:52 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।