
Encroachment प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)
MP News: शहर की सकरी सड़कों और गली-मोहल्लों में फैले अतिक्रमण पर अब सख्ती होगी। नगर निगम और पुलिस प्रशासन मिलकर ऐसे क्षेत्रों के लिए जोनल प्लान तैयार करेगा, जहां अतिक्रमण के कारण यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके तहत शहर के 30 संवेदनशील स्थानों से स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाया जाएगा।
इस संबंध में एसएसपी धर्मवीर यादव ने नगर निगम आयुक्त संघप्रिय को पत्र भेजकर अतिक्रमण हटाने और जोनल प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद निगमायुक्त ने 35 स्थानों का सर्वे कर जोनल प्लान बनाने और अतिक्रमण हटाने के लिए एक संयुक्त दल का गठन किया है।
इस दल में संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी, भवन अधिकारी, जोनल अधिकारी (जेडओ), मदाखलत अधिकारी, पटवारी (राजस्व) और नगर निगम के कर्मचारी शामिल रहेंगे। दल कार्रवाई के बाद प्रतिवेदन तैयार कर निगमायुक्त को सौंपेगा। बताया जा रहा है कि हाल ही में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक कॉन्फ्रेंस में कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से सकरी बस्तियों और गलियों पर चिंता जताई गई थी।
अपर सचिव ने निर्देश दिए थे कि जिन क्षेत्रों में सड़कों की चौड़ाई कम होने से फोर्स मूवमेंट में दिक्कत आती है, वहां कलेक्टर, एसपी और नगर निगम मिलकर जोनल प्लान तैयार करें। उसी के तहत यह कार्रवाई शुरू की जा रही है।
गिरवाई स्थित गड्ढे वाला मोहल्ला, इमली नाका की संकरी गलियां, सिरोल-हुरावली, फूटी कॉलोनी, महलगांव, तारागंज, ढोली बुआ का पुल, जलाल खां की गोठ, नई सड़क, गैंडे वाली सड़क, रामदासघाटी, सत्यनारायण की टेकरी, आपागंज से पंचमुखी हनुमान मंदिर मार्ग, अवाडपुरा, नाका चंद्रवदनी की गली नंबर 1 से 8, सेवा नगर, नूरगंज, घसमंडी, दुल्लपुर, गौतम नगर, माधौपुरा, घोसीपुरा, त्यागी मोहल्ला सहित अन्य स्थान शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटने से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि आपात स्थिति में पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की आवाजाही भी आसान हो सकेगी।
Updated on:
03 Feb 2026 04:41 pm
Published on:
03 Feb 2026 04:40 pm

बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
