
ग्वालियर। पर्यटन मंत्रालय की स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत फूलबाग क्षेत्र में पर्यटन विकास के बड़े काम शुरू होने जा रहे हैं। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रस्ताव पर प्रथम चरण में 16 करोड़ 73 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। इस राशि से फूलबाग एक्सपीरियंस जोन को नए सिरे से विकसित किया जाएगा, जिससे शहर को एक आकर्षक पर्यटन पहचान मिलेगी। परियोजना के तहत फूलबाग क्षेत्र के बैजाताल, इटालियन गार्डन, बारादरी और ग्रामीण हाट बाजार जैसे स्थलों को आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटक भी इन स्थलों का आनंद ले सकें और शहर की विरासत को नजदीक से देख सकें।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम शुरू करें, ताकि तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ परियोजनाएं पूरी हों। बैठक में कुमार सत्यम, संघ प्रिय, सोजान ङ्क्षसह रावत, अनु बेनीवाल, कप्तान बघेल सहित निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के साथ विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर तुरंत अमल शुरू किया जाए। पुलिस विभाग के सहयोग से ट्रैफिक प्लान तय कर कार्य के दौरान आवागमन सुचारू रखा जाए। निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए गए कि स्वीकृत कार्य समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे हों, ताकि नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों ने स्वदेश दर्शन 2.0 के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सुझाव दिया कि विकास कार्यों में वर्षा जल निकासी और सीवर संधारण को प्राथमिकता दी जाए, ताकि भविष्य में किसी तरह की असुविधा न हो और परियोजना समय पर पूरी हो सके।
ग्वालियर के सिरोल पहाड़ी क्षेत्र में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बन रहे अटल लोक के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने 6 करोड़ 80 लाख रुपए की स्वीकृति दी है। यह परियोजना लगभग 70 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही है, जो शहर के लिए एक और महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगी।
पर्यटन विभाग द्वारा ग्वालियर को लगभग 17 करोड़ रुपये की विकास सौगात दी गई है। इन स्वीकृत परियोजनाओं का उद्देश्य ग्वालियर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए पर्यटन को नई दिशा देना है। स्वीकृत राशि के अंतर्गत 1 करोड़ रुपये बंधौली स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए स्वीकृत किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके अतिरिक्त करीब 9 करोड़ 99 लाख रुपये की राशि बीएसए म्यूजिक फाउंडेशन, टेकनपुर के विकास के लिए दी गई है। इससे संगीत शिक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों को बढ़ावा मिलेगा। राशि के लिए सांसद भारत ङ्क्षसह कुशवाह ने पहल की थी।
Published on:
03 Feb 2026 05:52 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
