
Yuvraj Mehta Death Case: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन बिल्डिंग के बेसमेंट के लिए खोदे गए गड्ढे में कार समेत गिरने से इंजीनियर युवराज मेहता की मौत का मामला अभी ठंडा नहीं पड़ा है। इसी बीच पानी में कूदकर युवराज को बचाने की कोशिश करने वाली डिलीवर बॉय मुनेंद्र का रुपये लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में रुपये देने वाला युवक मुनेंद्र से कहता है कि आप पुलिस के खिलाफ जमकर बयानबाजी करो। हालांकि मुनेंद्र ने इस वीडियो को फर्जी बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें फंसाने की साजिश रची जा रही है। इस मामले में वह कानूनी कार्रवाई की तैयारी में हैं।
दरअसल, बीते दिनों कोहरा होने के चलते ग्रेटर नोएडा में ऑफिस से घर लौट रहे इंजीनियर युवराज मेहता की कार एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के बेसमेंट के लिए खोद गए पानी से भरे गड्ढे में गिर गई थी। तमाम कोशिशों के बावजूद युवराज मेहता को बचाया नहीं जा सका था। यह मामला पूरे प्रदेश में सुर्खियां बना। इस दौरान एक डिलीवरी बॉय मुनेंद्र ने कड़कड़ाती ठंड और कोहरे के बीच पानी में कूदकर करीब 45 मिनट तक युवराज को खोजकर बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे भी सफलता नहीं मिली। अब उसी मुनेंद्र का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह किसी से रुपये ले रहा है।
घटना के बाद डिलीवरी बॉय मुनेंद्र ने मीडिया को बयान दिया था कि सरकारी सिस्टम ने इंजीनियर युवराज मेहता को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। यह वीडियो भी मुनेंद्र के इस बयान से जोड़कर देखा जा रहा है, क्योंकि इस वीडियो में रुपये देने वाला कहता है कि आप पुलिस के खिलाफ बयानबाजी करते रहिए। आपको और रुपये दिए जाएंगे। इससे संदेश ये जाता है कि मुनेंद्र किसी से पैसा लेकर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ बयान दे रहे हैं। हालांकि मुनेंद्र का कहना है कि वीडियो पूरी तरह फर्जी है और उन्हें फंसाने की साजिश रची जा रही है। वह जल्द ही इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे।
सोशल मीडिया पर मुनेंद्र का रुपये लेते हुए वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मचा है। इसपर मुनेंद्र ने बताया कि एक मीडियाकर्मी ने उसे फंसाने के लिए यह वीडियो वायरल किया है। मुनेंद्र का कहना है कि वह मीडियाकर्मी बीते 18 जनवरी को उसके घर पहुंचा था, जहां उसने मुनेंद्र से कहा "शुरुआत में यह मामला हम दोनों ने उठाया और पुलिस-प्रशासन की लापरवाही का खुलासा किया। इसलिए अब पुलिस हमारे खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सकती है।" मुनेंद्र ने बताया कि मीडियाकर्मी ने उसे वकील करने के लिए पांच हजार रुपये दिए और वहां से चला गया। इसके बाद मुनेंद्र ने उसे करीब 20 बार कॉल किया और रुपये लौटाने का प्रयास किया, लेकिन वो नहीं आया।
इस मामले में एक पेच और फंसा है, वो है डिलीवरी मुनेंद्र की घटनास्थल से दूरी। दरअसल, पुलिस के अनुसार डिलीवरी बॉय मुनेंद्र की लोकेशन घटनास्थल से दूर पाई गई है, हालांकि मुनेंद्र और उनके परिजन इसे भी साजिश बता रहे हैं। दूसरी ओर मुनेंद्र के भाई सोमेंद्र ने वायरल वीडियो को लेकर कहा कि हमारे घर में लगे सीसीटीवी में रुपये देने वाले दो लोग कैद हुए हैं। उनकी पहचान होने के बाद उनपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह वीडियो सौ प्रतिशत मुनेंद्र को फंसाने के लिए बनवाया गया है।
Published on:
27 Jan 2026 12:14 pm

बड़ी खबरें
View Allग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
