
निषाद पार्टी की रैली से बदल सकता है यूपी का सियासी गणित Source- FB
UP Politics: गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मजबूत भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूरी ताकत से चुनाव की तैयारी कर रही है। 2027 में निषाद पार्टी और एनडीए (एनडीए गठबंधन) साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और बड़ी जीत हासिल करेगी।
संजय निषाद ने एक अहम बात कही। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी विधानसभा सीटें हैं, जहां भाजपा का उम्मीदवार जीत नहीं पा रहा है, तो उन सीटों को निषाद पार्टी को दे दिया जाए। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी ऐसी सीटों पर जरूर जीत दर्ज कराएगी। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि पिछले चुनाव में पार्टी को 16 सीटें मिली थीं और उनमें से 9 सीटों पर जीत हासिल की गई थी।
संजय निषाद ने बताया कि 22 मार्च को गोरखपुर के दिग्विजयनाथ पार्क में निषादराज की जयंती के मौके पर एक बड़ा चेतना समारोह आयोजित होगा। यह रैली बहुत बड़ी होगी। पार्टी के कार्यकर्ता अभी से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। वे लोगों को बताते हैं कि निषाद समाज को ओबीसी में क्यों डाला गया। पार्टी की मुख्य मांग है कि निषाद समाज को ओबीसी सूची से हटाकर अनुसूचित जाति (एससी) का दर्जा दिया जाए। उन्होंने कहा कि अब समाज के लोग जागरूक हो रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ खड़े हैं।
गैस सिलेंडर की महंगाई और कमी के मुद्दे पर संजय निषाद ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता दोहरे चरित्र की राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस, सपा और बसपा की सरकारों में गैस सिलेंडर की हमेशा कमी रहती थी। उन्होंने एक ताजा घटना का जिक्र किया कि हाल ही में हापुड़ में सपा के एक नेता के घर से ढेर सारे सिलेंडर बरामद हुए। इससे साफ है कि विपक्ष के लोग ही कालाबाजारी कर रहे हैं और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। संजय निषाद ने चेतावनी दी कि जो भी सिलेंडर की कालाबाजारी करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और उसे जेल जाना पड़ेगा। गोरखपुर में भी दो गैस एजेंसियों पर कालाबाजारी के केस आए थे और दोनों मालिक अभी जेल में हैं।
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए संजय निषाद ने कहा कि पहले की सरकारें सिर्फ “जय जवान जय किसान” का नारा लगाती थीं, लेकिन किसानों के लिए कोई ठोस काम नहीं करती थीं। कांग्रेस, सपा और बसपा की सरकारों में किसान बहुत परेशान रहे। अब मौजूदा सरकार किसानों का सम्मान कर रही है। उन्होंने किसान सम्मान निधि का जिक्र किया और कहा कि किसान देश की शान हैं। सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक और आर्थिक मदद दोनों दे रही है।
Published on:
15 Mar 2026 07:30 am
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
