12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कल से शुरू होगा गोरखपुर महोत्सव 2026, सात दिनों तक संगीत, कला और संस्कृति का भव्य उत्सव

रविवार 11 जनवरी से गोरखपुर महोत्सव का शुरुआत हो रहा है, इसको लेकर आज कमिश्नर अनिल धींगरा ने विशेष जानकारी दिया। इस दौरान डीएम दीपक मीणा, VC जीडीए आनंद वर्धन सहित अनेक अधिकारियों की उपस्थिति रही।

2 min read
Google source verification
Up news, gorakhpur

फोटो सोर्स: पत्रिका, मंडलायुक्त गोरखपुर

जनपदवासियों का इंतज़ार अब समाप्त होने जा रहा है। गोरखपुर महोत्सव 2026 का शुभारंभ रविवार, 11 जनवरी से होगा, जो 17 जनवरी तक चलेगा। संगीत, कला, संस्कृति, खेल और विकास के विविध रंगों से सजा यह महोत्सव अब तक का जनपद का सबसे बड़ा सांस्कृतिक आयोजन होगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री करेंगे उद्घाटन

चम्पा देवी पार्क में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन 11 जनवरी को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री द्वारा मुख्य मंच पर दीप प्रज्वलित कर किया जाएगा। 13 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महोत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों व खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे, जबकि 17 जनवरी को महोत्सव का विधिवत समापन होगा।

17 जनवरी तक चलता रहेगा प्रोग्राम

यह जानकारी मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने शनिवार को मंडलायुक्त सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। मंडलायुक्त ने बताया कि महोत्सव के मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम 11 से 13 जनवरी तक मुख्य मंच पर आयोजित किए जाएंगे, जबकि शिल्प मेला, फूड कोर्ट, व्यावसायिक स्टॉल और अन्य गतिविधियां 17 जनवरी तक निरंतर चलती रहेंगी।

मैथिली ठाकुर, पवन सिंह जैसे दिग्गज देंगे प्रस्तुति

मंडलायुक्त ने बताया कि इस बार गोरखपुर महोत्सव में सदर सांसद व फिल्म अभिनेता रवि किशन, लोकगायिका मैथिली ठाकुर, भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय गायक-अभिनेता पवन सिंह तथा देश के प्रसिद्ध रैपर बादशाह जैसे बड़े कलाकार मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त अनेक सांस्कृतिक दल और कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

उभरती प्रतिभाओं को मिलेगा विशेष मंच

उन्होंने कहा कि महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि गोरखपुर की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करना और स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। इसी उद्देश्य से इस बार लोकल कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं को विशेष रूप से मंच दिया जा रहा है।

बच्चों, युवाओं और महिलाओं की विशेष भागीदारी

मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने बताया कि महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ टैलेंट हंट प्रतियोगिताएं, इंटर स्कूल प्रतियोगिताएं, महिला प्रतियोगिताएं, खेल गतिविधियां तथा विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। बच्चों, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग वर्गों के लिए विशेष प्रतियोगिताएं रखी गई हैं।

महोत्सव में आने वाली जनता की सुरक्षा ओर रहे विशेष ध्यान

इसके साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए भव्य शिल्प मेला भी लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव में आने वाले दर्शकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, आपातकालीन व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखा जाए।महोत्सव स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जायेगी

ट्रैफिक सिस्टम रहे दुरुस्त, जनता को न हो असुविधा

मंडलायुक्त ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं, ताकि यातायात जाम की स्थिति न बने और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन पर सुरक्षा के रहेंगे विशेष प्रबंध

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गोरखपुर महोत्सव 2026 को सकुशल, भव्य और यादगार बनाया जा सके।
प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी दीपक मीणा, गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आनंद वर्धन तथा जीडीए सचिव पुष्पराज सिंह उपस्थित रहे।

बड़ी खबरें

View All

गोरखपुर

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग