
RRB NTPC Exam
RRB NTPC Exam Date 2026: रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए अहम अपडेट सामने आया है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती (विज्ञप्ति संख्या 06/2025) की सीबीटी-1 परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। आधिकारिक सूचना के अनुसार यह परीक्षा 16 मार्च 2026 से शुरू होगी और 27 मार्च 2026 तक अलग-अलग दिनों में आयोजित की जाएगी। पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में इस भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए थे। कुल 5,810 पदों पर नियुक्ति होनी है। ऐसे में परीक्षा तिथि जारी होते ही अभ्यर्थियों के बीच तैयारी को लेकर हलचल तेज हो गई है। आरआरबी की ओर से साफ किया गया है कि परीक्षा से करीब 10 दिन पहले अभ्यर्थियों को उनकी एग्जाम सिटी की जानकारी दे दी जाएगी। वहीं, एडमिट कार्ड परीक्षा से चार दिन पहले जारी किए जाएंगे।
इस बार परीक्षा केंद्र पर एंट्री के दौरान आधार आधारित बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपना मूल आधार कार्ड या ई-वेरिफाइड आधार की प्रिंट कॉपी साथ लानी होगी। यदि किसी उम्मीदवार ने अभी तक आधार वेरिफिकेशन नहीं कराया है, तो वह आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉग इन कर यह प्रक्रिया पूरी कर सकता है। रेलवे ने यह भी कहा है कि परीक्षा के दिन आधार UIDAI सिस्टम में अनलॉक स्थिति में होना चाहिए। अगर आधार लॉक रहेगा तो केंद्र पर परेशानी हो सकती है। रेलवे ने साफ तौर पर सभी अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि वे पहले से ही अपनी आधार संबंधी प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की दिक्कत न आए।
इस भर्ती में चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले सीबीटी-1 और उसके बाद सीबीटी-2 आयोजित होगा। कुछ पदों के लिए टाइपिंग स्किल टेस्ट (CBTST) या एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT) भी लिया जाएगा। इसके बाद डाक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट की प्रक्रिया होगी। पहले चरण की सीबीटी परीक्षा सभी पदों के लिए समान रहेगी। परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी और इसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। 40 सवाल सामान्य जागरूकता से, 30 गणित से और 30 सामान्य बुद्धिमत्ता और रीजनिंग से होंगे।
Updated on:
14 Feb 2026 11:03 am
Published on:
14 Feb 2026 11:02 am
बड़ी खबरें
View Allशिक्षा
ट्रेंडिंग
