
मौके पर पहुंची पुलिस (फोटो-पत्रिका)
डूंगरपुर। सीमलवाड़ा कस्बे के किशनपुरा मार्ग पर शनिवार दोपहर दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दुकान में बैठी एक महिला के गले से करीब दो तोले की सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। छीनी गई चेन की कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशनपुरा निवासी जसोदा पत्नी दिनेश कलाल अपनी किराना दुकान पर बैठी थी। इसी दौरान दोपहर में बाइक सवार दो युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर दुकान पर पहुंचे। बदमाशों ने महिला को 50 का नोट देकर गुटखा मांगा। जैसे ही महिला सामान देने के लिए मुड़ी, एक बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। महिला के शोर मचाने और ग्रामीणों के पीछा करने से पहले ही बदमाश तेज रफ्तार बाइक से ओझल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सकाराम, हेड कांस्टेबल भरत, करण भट्ट और अमित की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं ताकि बदमाशों के आने-जाने के मार्ग का पता लगाया जा सके।
वारदात के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व धंबोला कस्बे में भी इसी तरह दिनदहाड़े चेन लूट की घटना हुई थी। सोने-चांदी के बढ़े दाम और शादी-ब्याह के सीजन को देखते हुए ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस बिना वर्दी के गश्त करे ताकि संदिग्धों और तेज रफ्तार बाइकर्स पर नकेल कसी जा सके।
Updated on:
07 Feb 2026 08:18 pm
Published on:
07 Feb 2026 08:17 pm
बड़ी खबरें
View Allडूंगरपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
