
-सिलेेंडर लेने एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़, लोगों ने लगाए आरोप
-कमर्शियल सिलेंडरों का स्टॉक खत्म, होटल, रेस्टोरेंटों पर बना संकट
-किल्लत के बीच शहर में 20 प्रतिशत बढ़ी सिलेंडरों की बुकिंग
धौलपुर. एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत के बीच एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जा रही है। आम दिनों की अपेक्षा 20 प्रतिशत तक सिलेंडरों की बुकिंग बढ़ चुकी है। 25 दिन की पाबंदी और एजेंसी से सीधी बुकिंग रोक ने समस्या को और बढ़ा दिया है। एक माह पहले की बुकिंग होने के बावजूद भी लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे, हताश और निराश होकर लोग वापस लौट रहे हैं। डीलर भी इस मौके का फायदा उठाते हुए सिलेंडरों को ब्लैक करने में जुटे हैं।
अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध का असर
एलपीजी सिलेंडर की कमी के रूप में दिखने लगा है। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर की एकमात्र एजेंसी पर अल सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ पहुंच रही है। लोगों का कहना है कि ऑनलाइन गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है। जब लोग गैस एजेंसी से संपर्क करते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि सिस्टम में तकनीकी खराबी है। वहीं एजेंसी पर जाकर पूछने पर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। गैस बुक कराने के लिए लोगों को एजेंसी के बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं, इसके बाद भी सिलेंडर मिलने की कोई गारंटी नहीं है। एजेंसी पर सिलेंडर लेने आए बजरंग, महेश और विमला देवी ने बताया कि उन्होंने पिछले माह सिलेंडर लिया था, अब सिलेंडर लेने आए तो एजेंसी वाले उन्हें सिलेंडर देने की मना कर रहे हैं और न ही कोई संतुष्टिपूर्ण जवाब दे रहे। हालांकि एजेंसी प्रबंधक का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई किल्लत नहीं है। नए नियम के मुताबिक अब 25दिन बाद ही उपभोक्ता नम्बर लगा पाएंगे। जिसके बाद ही सिलेंडर की डिलीवरी हो सकेगी।
एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ता रोहित गर्ग, बृजकिशोर अग्रवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने जनवरी माह में सिलेंडर लिया था। अब जब उन्हें जरूरत पड़ी तो वह एजेंसी सिलेंडर लेने पहुंचे, लेकिन वहां जाकर पता चला कि उनके सिलेंडर की 8-10 दिन पहले ही डिलीवरी हो चुकी है, जबकि उन्होंने न तो बुकिंग कराई और न ही सिलेंडर लिया। अब ऐसी स्थिति में एजेंसी से सिलेंडर किसने और कहां दिया यह जांच का विषय है। निराश उपभोक्ताओं ने बताया कि डिलीवरी करने वाले सिलेंडरों को इधर का उधर कर ब्लैक में बेच रहे हैं और उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।
1500 रुपए तक में सिलेंडर हो रहे ब्लैक
सिलेंडरों की किल्लत के बीच कालाबाजारी की खबरें जमकर सामने आ रही हैं। एजेंसी पर आए उपभोक्ताओं ने नाम न छापने की बात कह आरोप लगाया कि डिलीवरी करने वाले सिलेंडरों को 1500 रुपए तक में ब्लैक कर रहे हैं, सिलेंडर न मिलने की स्थिति में लोग ब्लैक में भी लेने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि गैस उपलब्ध नहीं है, जबकि कई शहर के कई क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर धड़ल्ले से ब्लैक किया जा रहा है।
होटल, रेस्टोरेंटों के आगे संकट कैसे बनाएं खाना
शहर में लगभग 1500 के आसपास कमर्शियल सिलेंडर उपभोक्ता हैं, जिन्हें इस वक्त सबसे ज्यादा संकट झेलना पड़ रहा है। क्योंकि एजेंसी पर सिलेंडरों का स्टॉक पूर्ण रूप से खत्म हो चुका है। किल्लत के बीच सिलेेंडरों की नई खेप पर रोक लगी हुई है। जिससे होटल, रेस्टोरेंट और चाय नाश्ता की दुकानें चलाने वाले उपभोक्ताओं के सामने संकट खड़ा हो चुका है। नाम न छापने की शर्त पर होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने बताया कि एजेंसी से कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल पा रहे, जो थे उनका उपयोग हो चुका है। अब ऐसी स्थिति में खाने-पीने का सामान बनाने में परेशानी आ रही है। मजबूर केरोसिन युक्त संसाधनों का उन्हें इस्तेमाल करना पड़ रहा है। सहालग का वक्त होने के कारण मैरिज गार्डन और विवाह स्थल संचालकों को भी कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे।
गत दिन बढे़ सिलेंडरों के दाम
सरकार ने गत चार दिन पहले ही सिलेंडरों के दामों में वृद्धि की है। दरअसल इजरायल और अमेरिका के खिलाफ ईरान की जंग के चलते मिडिल ईस्ट के प्रमुख ऊर्जा परिवहन मार्गों में आई बाधाओं के कारण पिछले एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में शनिवार को ही इजाफा किया गया था। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में 60 रुपए और कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडरों की कीमत में 115 रुपए की बढ़ोतरी की गई।
एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजी की जा रही है तो यह गलत है, अगर हमारे पास कोई शिकायत आएगी तो उसकी जांच की जाएगी।
-मणिखींची, जिला रसद अधिकारी
घरेलू सिलेंडरों की कोई किल्लत नहीं है, अब २५ दिन की अवधि के बाद ही बुकिंग हो सकेगी। कमर्शियल सिलेंडरों को लेकर जरूर समस्या खड़ी हो रही है, जिस कारण बुकिंग बंद की गई है।
- वीरेन्द्र राणा, एजेंसी संचालक
Published on:
12 Mar 2026 07:11 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
