फोटो सोर्स: सोशल मीडिया, गर्लफ्रेंड के लिए युवक की हत्या
देवरिया जिले में भाटपाररानी क्षेत्र के बरईपार गांव में एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से हड़कंप मच गया, शव पर धारदार हथियार से कई बार गोंदा गया निशान साफ दिख रहा था। शव के पास शराब की बोतलें, प्लास्टिक के ग्लास आदि भी बरामद हुए हैं। पहचान होने पर पता चला कि युवक दोस्त के साथ बर्थडे पार्टी में गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। तब मनु की खून से लथपथ लाश गांव से सात किलोमीटर दूर मिली, परिजन ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल युवक का दोस्त अश्वनी गुप्ता फरार है।
मृतक के पड़ोसियों के साथ ही ग्रामीण भी दबे जुबान से कह रहे थे कि इस विवाद की जड़ में एक लड़की है। इसी से बात करने को लेकर दोनों युवकों में टशन चलता रहता था। इसी दौरान दोनों में विवाद हो गया। मृतक की बहन की तहरीर पर अश्वनी के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। एसपी संजीव सुमन ने बताया कि आरोपी दोस्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
जानकारी के मुताबिक जिले के कोठीलवा गांव के रहने वाले उमेश यादव दुबई में नौकरी करते हैं। गांव में पत्नी सरिता देवी अपने इकलौते बेटे मनु यादव और बेटी काजू के साथ रहती हैं। बड़ी बेटी ज्योति की शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि गांव की एक लड़की से मनु की पुरानी दोस्ती थी, कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच बातचीत बंद थी। इसके बाद लड़की ने मनु के दोस्त अश्वनी से बात शुरू कर दी।
पड़ोसियों ने बताता कि मनु और अश्वनी के बीच लड़की को लेकर विवाद भी हुआ था, बाद में लोगों ने मामले को सुलझा दिया। फिर दोनों दोस्त पहले की तरह बातचीत करने लगे, एक साथ घूमने-फिरने लगे। मनु की मां ने बताया कि सोमवार शाम 7 बजे अश्वनी घर आया था। कहा कि एक बर्थडे पार्टी है, उसमें चलना है। इसके बाद दोनों घर से निकल गए। रात में देर तक जब मनु घर नहीं पहुंचा तो उसके मोबाइल पर कई बार कॉल किया। बेटे का फोन नहीं उठा तो पड़ोसियों को जानकारी दी।
परिजन और ग्रामीण मिलकर मनु का पता लगाना शुरू किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। मंगलवार सुबह कुछ लोग गांव के पोखरे की ओर गए तो उन्होंने शव देखा। मौके पर पुलिस पहुंची। घटनास्थल से अश्वनी की चप्पल बरामद की गई। युवक के चाचा ने शव की शिनाख्त की है।
फरार अश्वनी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें बनीं
हत्या की सूचना के बाद सीओ भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव, एएसपी दक्षिणी सुनील सिंह, एसओजी प्रभारी दीपक कुमार भी मौके पर पहुंचे। SO ने बताया कि युवक के गले और पेट पर गहरे घाव हैं। शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि एसओजी, सर्विलांस सेल और लोकल थाने की एक संयुक्त टीम बनाई गई है।
Published on:
14 Oct 2025 04:08 pm
बड़ी खबरें
View Allदेवरिया
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग