14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

LPG Crisis : इंडेन और भारत के नए गैस कनेक्शन वितरण बंद, पुराने की केवाईसी अनिवार्य, लोग परेशान

LPG Crisis : ईरान-इजराइल युद्ध के कारण देश भर में एलपीजी का संकट बढ़ता ही जा रहा है। इसी को देखते हुए इंडेन और भारत गैस एजेंसी ने फिलहाल के लिए नए गैस कनेक्शन वितरण पर रोक लगा दी है। साथ ही पुराने कनेक्शन की केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है। केवाईसी अपडेट नहीं होने के कारण लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।

2 min read
Google source verification
Indane and Bharat Gas Agency have stopped distribution of new connections and made KYC mandatory for old ones

उत्तराखंड में रसोई गैस संकट गहराता जा रहा है

LPG Crisis : ईरान-अमेरिका-इजराइल के बीच चल रहे भीषण युद्ध के कारण देश में पेट्रोलियम संकट गहराता जा रहा है। ईरान ने होर्मुज से समुद्री जहाजों की आवाजाही पर प्रतिबंध इसकी प्रमुख वजह है। ईरान ने चेतावनी दी है कि जो भी जहाज होर्मुज से गुजरेगा इसे तबाह कर दिया जाएगा। इसके कारण भारत के भी तमाम जहाज जहां-तहां फंसे हुए है। इससे भारत में बाहर से आने वाली एलपीजी सप्लाई ठप पड़ी हुई है। देश भर में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की कतारें लगीं हुई हैं। बढ़ते एलपीजी संकट को देखते हुए उत्तराखंड में कुछ दिन पहले ही व्यवसायिक सिलेंडरों की डिलीवरी पर रोक लगा दी गई थी। अब इधर हल्द्वानी में इंडेन और भारत गैस एजेंसी ने नए कनेक्शन वितरण पर भी पाबंदी लगा दी है। भारत गैस की चौधरी गैस एजेंसी ने नए कनेक्शन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। एजेंसी के कुसुमखेड़ा गैस गोदाम रोड स्थित गोदाम के इंचार्ज शिवराज बगड़वाल के मुताबिक सामान्य स्थिति में एजेंसी से प्रतिमाह 25-30 नए गैस कनेक्शन दिए जाते थे। गैस संकट बढ़ने पर प्रबंधन ने फिलहाल नए कनेक्शनों पर रोक लगा दी है। इंडेन गैस एजेंसी काठगोदाम के प्रबंधक गणेश नेगी के मुताबिक सामान्य स्थिति पर नए कनेक्शन दिए जा सकेंगे। कहा सामान्य स्थिति में प्रतिमाह 30 से अधिक कनेक्शन दिए जाते हैं।

सीएम बोले, एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार केंद्र सरकार और तेल कंपनियों के संपर्क में है। लोगों की आवश्यकता के अनुसार गैस की लगातार आपूर्ति हो रही है। स्थानीय गोदामों में गैस का पर्याप्त स्टॉक है। इसकी लगातार समीक्षा भी की जा रही है। सीएम ने कहा कि लोग अनावश्यक परेशान न हों। कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। बताया कि मुख्य सचिव को हालात की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। वह स्वयं भी लगातार खाद्य विभाग के अधिकारियों और सभी जिलाधिकारियों से लगातार अपडेट भी ले रहे हैं।

केवाईसी के बिना नहीं मिलेगी गैस

एलपीजी संकट लगातार बढ़ रहा है। कई इलाकों में होम डिलीवरी भी बंद हो चुकी है। हल्द्वानी के ऊंचापुल स्थित गैस एजेंसी के गोदाम पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ जमा रही। केवाईसी नहीं होने से कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पाए। सर्वर डाउन होने या अत्यधिक मांग के कारण गैस पहले ही बुकिंग नहीं हो पा रही है। इंडेन के प्रबंधक गणेश नेगी के मुताबिक शीशमहल गोदाम से बुकिंग व डीएससी कोड के बाद सिलेंडर उपलब्धता के आधार पर दिए जा रहे हैं।