29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत, May 27, 2026

SRH vs RR: सूर्यवंशी की तूफानी पारी के बाद हैदराबाद का बेहतरीन कमबैक, राजस्थान रॉयल्स को 243 रनों पर रोका

वैभव की ताबड़तोड़ 29 गेंदों पर 5 चौके और 12 छक्कों की मदद से 97 रन की तूफानी पारी की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 243 रन बनाए।

IPL Eliminator - SRH vs RR

राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Photo: IANS/Biplab Banerjee)

Sunrisers Hyderabad vs Rajasthan Royals, Eliminator, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का एलिमिनेटर मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पहले सीजन की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला जा रहा है। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम या न्यू पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 244 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है।

वैभव की ताबड़तोड़ पारी

राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 243 रन बनाए। सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने पारी की शुरुआत की। जायसवाल शांत रहे लेकिन सूर्यवंशी का बल्ला आग उगल रहा था। सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से चूक गए।

वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 29 गेंदों पर 12 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 97 रन की पारी खेली। थर्ड मैन की तरफ खेला उनका शॉट स्मरण रविचंद्रन ने पकड़ कर उनकी पारी समाप्त की। अगर यह गेंद बाउंड्री को पार कर गई होती, तो वैभव के नाम आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक दर्ज हो जाता है। आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक क्रिस गेल के नाम है। गेल ने 2013 में मात्र 30 गेंदों में शतक लगा दिया था।

वैभव सूर्यवंशी 97 रन बनाकर पहले विकेट के रूप में आउट हुए। उस समय आरआर का स्कोर 8 ओवर में 125 रन था। इसके ठीक बाद 137 के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल भी आउट हो गए। जायसवाल ने 29 गेंदों पर 29 रन बनाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने भी अर्धशतक लगाया। जुरेल 21 गेंदों पर 3 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 50 रन की पारी खेलकर आउट हुए। कप्तान रियान पराग ने 12 गेंदों पर 26 रन बनाए।

एसआरएच की जोरदार वापसी

वैभव, जुरेल और पराग का विकेट लेने के बाद एसआरएच ने मैच में वापसी की और एक समय कम से कम 275 के आस-पास जाती दिख रही आरआर को 8 विकेट के नुकसान पर 243 रन पर रोक दिया। आरआर का मध्यक्रम और निचले क्रम की बल्लेबाजी पूरी तरह असफल साबित हुई। आरआर आखिरी 5 ओवर में मात्र 36 रन बना सकी। साकिब हुसैन ने आखिरी ओवर में महज 5 रन दिए।

एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस गेंदबाजी में सबसे महंगे रहे। वैभव सूर्यवंशी से लगातार 3 छक्के खाने वाले कमिंस ने 4 ओवर में 64 रन लुटाए। उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला। प्रफुल हिंगे ने 4 ओवर में 54 रन देकर 3 विकेट लिए। शिवांग कुमार, नितीश कुमार रेड्डी और ईशान मलिंगा को 1-1 विकेट मिला।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें