
Vaibhav Sooryavanshi to appear for CBSE class 10 Board Exam from Feb 17. (photo- instagram/@vaibhav_sooryavanshi09)
Vaibhav Sooryavanshi Board Exam, U19 World Cup 2026: ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी ताबड़तोड़ 175 रनों की पारी से भारत को छठा खिताब दिलाने वाले युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी अब क्रिकेट की सफेद जर्सी छोड़कर स्कूल यूनिफॉर्म पहनने की तैयारी में हैं। 14 साल के वैभव अब क्लास 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं में बैठने जा रहे हैं और कुछ समय के लिए लाइमलाइट से दूर एक छात्र की जिंदगी जिएंगे।
समस्तीपुर के पोदार इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल नील किशोर ने बताया है कि वैभव जल्द ही अकादमिक पिच पर अपनी पारी शुरू करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वैभव को भले ही क्रिकेट की दुनिया में बड़ी शोहरत मिली हो, लेकिन स्कूल में उन्हें कोई खास ट्रीटमेंट नहीं मिलेगा।
प्रिंसिपल नील ने बताया, 'क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी हमारे स्कूल से 10वीं बोर्ड की परीक्षा देंगे। उन्हें अपना एडमिट कार्ड मिल चुका है। उनके आने को लेकर टीचर्स, स्टूडेंट्स और पेरेंट्स सभी में उत्साह है, लेकिन हमने यह ध्यान रखा है कि वे एक छात्र के तौर पर परीक्षा देने आ रहे हैं। यह क्रिकेट की पिच नहीं, पढ़ाई की पिच है। हम सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी छात्र को परीक्षा देने में दिक्कत न हो। सुरक्षा और सुविधाएं सबके लिए एक जैसी होंगी। परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं।'
वैभव ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ हरारे में अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन कूट दिए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। यह किसी भी अंडर-19 वर्ल्ड कप पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं।
वैभव टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने 7 मैचों में 62.71 की औसत और 169.49 की स्ट्राइक रेट से 439 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में रिकॉर्ड 30 छक्के जड़े, जो डेवाल्ड ब्रेविस के 18 छक्कों के रिकॉर्ड से कहीं ज्यादा है। अब अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड उन्हीं के नाम है। उन्होंने 25 पारियों में 1,412 रन बनाए हैं (औसत 56.48, स्ट्राइक रेट 165+)। इसमें 4 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं।
वैभव का सफर अक्टूबर 2024 में शुरू हुआ था जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ चेन्नई में 58 गेंदों में शतक जड़ा था, जो किसी भी भारतीय का यूथ टेस्ट में सबसे तेज शतक है। IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा, जिससे वे IPL इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बने। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने सबसे युवा टी20 शतकवीर और सबसे तेज IPL फिफ्टी लगाने वाले पहले भारतीय बनने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने अपने IPL करियर की शुरुआत ही पहली गेंद पर छक्का मारकर की थी। पूरे सीजन में उन्होंने 206.55 की स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए।
वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में भी सबसे युवा शतकवीर बने। विजय हजारे में उन्होंने 84 गेंदों में 190 रनों की तूफानी पारी खेली थी। वैभव का खेलने का तरीका काफी आक्रामक और जोखिम भरा है, जिसकी वजह से कभी-कभी वे जल्दी आउट भी हो जाते हैं, लेकिन जब उनका बल्ला चलता है, तो वे हर फॉर्मेट में गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा देते हैं।
Published on:
14 Feb 2026 12:18 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
