आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया मैच बारिश की वजह से धुल गया (Photo Credit - IANS)
SL-W vs NZ-W, ICC Women's ODI World Cup 2025: आईसीसी महिला विश्व कप 2025 का 15वां मुकाबला बारिश की वजह से धुल गया। कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच में सिर्फ एक पारी का खेल हो सका। न्यूजीलैंड की पारी में एक भी गेंद फेंकी नहीं जा सकी। लंबे इंतजार के बाद अंपायरों ने मैच रद्द करते हुए दोनों टीमों को 1-1 अंक दे दिया।
इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 258 रन बनाए थे। श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू और विस्मी गुनारत्ने ने टीम को मजबूत शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 23.1 ओवर में 101 रन की साझेदारी की थी। अट्टापट्टू 72 गेंद पर 7 चौकों की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद 125 के स्कोर पर विस्मी 83 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हुईं।
दोनों के आउट होने के बाद श्रीलंका ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए, जिसका असर रन गति पर पड़ा। हसिनी परेरा ने 44 और हर्षिता समरविक्रमा ने 26 रन बनाए। निलाक्षिका सिल्वा ने 28 गेंद पर 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 55 रन की पारी खेल टीम का स्कोर 6 विकेट पर 258 तक पहुंचाया। निलाक्षिका की पारी नहीं आई होती, तो श्रीलंका 225 के ऊपर शायद नहीं जा पाता।
न्यूजीलैंड के लिए सोफी डिवाइन ने 9 ओवर में 54 रन देकर 3, ब्रि इलिंग ने 7 ओवर में 39 रन देकर 2, और रोजमेरी मायर ने 1 विकेट लिया था।
श्रीलंका विश्व कप की सह-मेजबान है। अब तक सभी 4 मैच श्रीलंका ने कोलंबो में ही खेले हैं। इसके बावजूद टीम की जीत का खाता नहीं खुला है। श्रीलंका के पास जो दो अंक हैं, वो दो मैचों के बारिश में धुलने की वजह से मिले हैं। इसके अलावा दो मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। श्रीलंका 4 मैच में 2 अंक के साथ सातवें स्थान पर है। उसके नीचे सिर्फ पाकिस्तान है। पाकिस्तान ने भी अपने तीनों मैच गंवाए हैं। न्यूजीलैंड 4 मैच में 3 अंक के साथ पांचवें स्थान पर है।
Updated on:
14 Oct 2025 10:33 pm
Published on:
14 Oct 2025 10:31 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
पाकिस्तान क्रिकेट टीम का फिर बदलेगा कप्तान! 8 साल पहले डेब्यू करने वाले ऑलराउंडर को मिल सकती है कमान