भारत, Jun 04, 2026

क्रुणाल पंड्या की गेंद पर कैच आउट होकर पवेलियन जाते हुए हार्दिक पंड्या (@ipl20/Screengrab)
Krunal Pandya on Hardik Pandya: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 खत्म होने के साथ क्रिकेट जगत में इस समय एक चर्चा उठ रही है जो है पंड्या परिवार की 10 आईपीएल ट्रॉफियां। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इस सीजन लगातार दूसरा आईपीएल खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे क्रुणाल पंड्या, जिन्होंने अपने करियर की 5वीं आईपीएल ट्रॉफी उठाई। लेकिन इस जश्न के बीच, हर किसी की नजरें छोटे भाई हार्दिक पंड्या पर हैं, जिनके लिए यह सीजन किसी बुरे सपने जैसा रहा। जब क्रुणाल से हार्दिक के साथ उनके रिश्तों और दोनों के बीच की ट्यूनिंग पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कई दिलचस्प बातें सामने रखीं।
क्रुणाल ने एक इंटरव्यू में खुलकर बात की। उन्होंने कहा, 'जाहिर है, हम दोनों साथ खेले हैं। हमारे बीच हमेशा क्रिकेट को लेकर काफी टेक्निकल और रणनीतिक बातचीत होती है, जिससे हम दोनों को मदद मिलती है। जब आपका भाई भी उसी खेल में हो, तो चीजें आसान हो जाती हैं। वैसे, पंड्या परिवार में 10 आईपीएल ट्रॉफियां होना कोई बुरा नंबर नहीं है। भगवान की बड़ी कृपा है।'
दिलचस्प बात यह है कि जहां क्रुणाल पंड्या IPL 2026 लगातार दूसरी बार चैंपियन बनकर चमक रहे हैं, वहीं हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस (MI) इस सीजन पॉइंट्स टेबल में नीचे से दूसरे नंबर पर रही है। क्रुणाल के सफर की बात करे तो, मुंबई इंडियंस के बाद लखनऊ और फिर 2025 में RCB में शामिल हुए। उन्होंने आते ही बेंगलुरु को लगातार दो बार चैंपियन बनाने में मुख्य भूमिका निभाई।
हार्दिक पंड्या ने गुजरात टाइटंस (GT) को अपनी कप्तानी में पहला खिताब जिताया, लेकिन मुंबई इंडियंस (MI) में वापस लौटते ही उनकी कप्तानी पर संकट आ गया। अब खबर है कि हार्दिक से MI की कप्तानी छीनी जा सकती है। भले ही दोनों भाई इस वक्त मैदान पर अलग-अलग दौर से गुजर रहे हों, लेकिन दोनों के नाम अब 5-5 आईपीएल ट्रॉफियां हैं। मैदान की प्रतिद्वंद्विता के बीच दोनों भाइयों का यह तालमेल वाकई कमाल का है।
Published on: 04 Jun 2026 11:51 am


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।