
टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान (Photo-IANS)
Pakistan boycott of T20 World Cup match: भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला अब नहीं होगा। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में खेला जाना है, जिसमें पाकिस्तान अन्य मुकाबले खेलेगा, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा। इसके बाद देश में राजनीतिक बहस छिड़ गई है। विपक्ष ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए इसे कूटनीतिक विफलता बताया है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पाकिस्तान के फैसले को बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट का राजनीतिकरण खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि खेल लोगों को जोड़ने का माध्यम होना चाहिए, न कि राजनीति का हथियार। ICC को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए और इस बकवास को खत्म कराना चाहिए।
कांग्रेस नेता उदित राज ने इसे भारत की कूटनीतिक विफलता बताया। उन्होंने कहा, “भारत अब गिड़गिड़ा क्यों रहा है? उन्हें शर्म आनी चाहिए। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ क्रिकेट किसने खेला? भारत ने। पाकिस्तान, जो उत्तर प्रदेश के आकार का भी नहीं है, आज हमारी आंखों में आंखें डालकर कह रहा है कि वह हमारे खिलाफ नहीं खेलेगा। यह हमारी कूटनीतिक विफलता है।
कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह ने कहा, “ICC को पाकिस्तान पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। अगर कोई देश ऐसा करता है तो उसे बैन किया जाना चाहिए। यह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।”
शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “यह भारत और BCCI के लिए बड़ा अपमान है। दुनिया की सबसे ताकतवर क्रिकेट बॉडी होते हुए भी भारत को आज बॉयकॉट किया जा रहा है।”
बीजेपी सांसद भोला सिंह ने कहा, “पाकिस्तान हमेशा भारत विरोधी मानसिकता रखता है। वह हार से डर रहा है।” वहीं बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने तंज कसते हुए कहा, “अब पाकिस्तान और उसका क्रिकेट बोर्ड खुद ICC के सामने गिड़गिड़ाएगा।”
बता दें कि रविवार शाम पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) प्रमुख मोहसिन नकवी की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। बताया जा रहा है कि बांग्लादेश को 20 टीमों के टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के बाद से PCB लगातार टूर्नामेंट से हटने की धमकी दे रहा था और इसे “अन्यायपूर्ण फैसला” बता रहा था।
Updated on:
02 Feb 2026 03:50 pm
Published on:
02 Feb 2026 03:49 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
