एशले गार्डनर, महिला क्रिकेटर, ऑस्ट्रेलिया (Photo - IANS)
Ashleigh Gardner: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया (AUS-W vs ENG-W) के बीच बुधवार को आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 (ICC Women's ODI World Cup 2025) का 23वां मुकाबला इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की एशले गार्डनर ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए अपने खाते में एक और उपलब्धि जोड़ ली। दरअसल, वह महिला वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाली खिलाड़ी बन गईं। इंग्लैंड के खिलाफ एशले गार्डनर ने 69 गेंदों में शतक पूरा किया और 73 गेंद में 16 चौके संग 104 रन बनाकर नाबाद रहीं।
इंग्लैंड के खिलाफ लगाए इस तूफानी शतक की बदौलत एशले गार्डनर ने वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डॉटिन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। डिएंड्रा डॉटिन ने 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ 71 गेंद पर शतक लगाया था। वहीं इसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली ने बांग्लादेश के खिलाफ 73 और एशले गार्डनर ने 77 गेंद पर न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाया था। इंग्लैंड की मौजूदा कप्तान नेट साइवर ब्रंट ने 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ 76 गेंद पर शतक ठोका था।
69 गेंद - एशले गार्डर (ऑस्ट्रेलिया) vs इंग्लैंड, इंदौर, 2025
71 गेंद - डिएंड्रा डॉटिन (वेस्टइंडीज) vs पाकिस्तान, लीसेस्टर, 2017
73 गेंद - एलिसा हीली (ऑस्ट्रेलिया) vs बांग्लादेश, विशाखापत्तनम, 2025
76 गेंद - नेट साइवर ब्रंट (इंग्लैंड) vs पाकिस्तान, लीसेस्टर, 2017
77 गेंद - एशले गार्डर (ऑस्ट्रेलिया) vs न्यूजीलैंड, इंदौर, 2025
एशले गार्डनर और एनाबेल सदरलैंड की 180 रन की साझेदारी महिला वनडे क्रिकेट में 5वें विकेट के लिए ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले 5वें विकेट के लिए ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड जॉनी ब्रॉडबेंट और ब्रॉनविन कैल्वर के नाम था, जिन्होंने 151 रन जोड़े थे।
आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के 23वां मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 244 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए टैमी ब्यूमोंट ने 105 गेंद पर 1 छक्का और 10 चौकों की मदद से 78 रन की पारी खेली थी। एलिस कैप्से ने 38 और चार्लोट डीन ने 26 रन बनाए थे।
वहीं, 245 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 68 के स्कोर पर अपने 4 विकेट महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए थे। लेकिन एशले गार्डनर और एनाबेल सदरलैंड ने इसके बाद टीम को कोई क्षति नहीं होने दी। दोनों ने 5वें विकेट के लिए 148 गेंद में 180 रन की रिकॉर्ड साझेदारी करते हुए टीम को 6 विकेट से जीत दिला दी। ऑस्ट्रेलिया ने 40.3 ओवर में 4 विकेट पर 248 रन बनाए। विजयी चौका गार्डनर के बल्ले से निकला। सदरलैंड शतक नहीं बना सकीं और 98 रन पर नाबाद लौटीं।
Updated on:
23 Oct 2025 12:17 am
Published on:
22 Oct 2025 11:20 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Women's World Cup 2025