छिंदवाड़ा, Apr 07, 2026

chhindwara police
छिंदवाड़ा. चांदामेटा थाना अंतर्गत बडक़ुही चौकी क्षेत्र में चार अप्रेल 2026 की शाम 7.30 बजे इकलहरा टोल के समीप सड़क पर विवाद के बाद कार चालक संजू यदुवंशी निवासी सुकरी बस्ती जुन्नारदेव को एक कार में जबरन बैठाकर छिंदवाड़ा ले जाया गया तथा कमरे में रस्सी से बांधकर रखा गया। इस अपहरण की सूचना के बाद चांदामेटा पुलिस सक्रिय हुई तथा चार व पांच अप्रेल की दरमियानी रात एक बजे अपहृत युवक को पुलिस ने छुड़ा लिया। तकरीबन पांच लाख रुपए के लेनदेन को लेकर इस अपहरण की कहानी रची गई थी, इस वारदात में पुलिस ने पांच अप्रेल को अनुराग (20) पिता संजय गढेवाल, संजय (52) पिता खेमचंद गढेवाल, रोहित (19) पिता संजय गढेवाल तीनों निवासी गुरैया रोड सब्जी मंडी महावीर कालोनी थाना देहात छिंदवाड़ा तथा धर्मेश (35) पिता लीलावती पारधी निवासी पुराना छापाखाना वार्ड 29 कोतवाली छिंदवाड़ा को पकड़ा है। जिन्हें छह अप्रेल को न्यायालय में पेश कर जेल पहुंचा दिया।
अपहरण की सूचना के बाद बड़कुही पुलिस ने संजू यदुवंशी की जानकारी तकनीकी अन्य माध्यमों से प्राप्त की थी। जो गुरैया सब्जी मंडी के पीछे महावीर कॉलोनी थाना देहात की पाई गई। उस स्थान पर पहुंचकर संजू यदुवंशी को संजय गढेवाल निवासी गुरैया सब्जी मंडी के पीछे महावीर कॉलोनी थाना देहात के घर के ऊपर वाले कमरे से बरामद किया है। जो एक प्लास्टिक की कुर्सी पर रस्सी से बंधा हुआ था। पीडि़त को पैसों के पुराने लेनदेन को लेकर रास्ते में रोका तथा कार सहित अपने साथ छिंदवाड़ा ले आए थे। पुलिस ने अपहरण व अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया तथा दो कार भी बरामद की है। अपहरण के खुलासे में चांदामेटा थाना प्रभारी खेलचंद्र पटले, बडक़ुही चौकी प्रभारी अक्रजय धुर्वे, प्रधान आरक्षक योगेश शिवहरे, आरक्षक प्रदीप बघेल, अनुज शर्मा, निर्मल रघुवंशी तथा सायबर सेल प्रधान आरक्षक नितिन सिंह की मुख्य भूमिका रही है। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
Published on: 07 Apr 2026 11:47 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।