छिंदवाड़ा, May 29, 2026

chhindwara
छिंदवाड़ा. जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर तालाब में नहाने पहुंचे चार नाबालिग बुधवार को डूब गए थे, जिसमें से जुन्नारदेव में बंद खदान के तालाब में डूबे दो नाबालिगों के शव गुरुवार को पुलिस ने तालाब से बरामद किए है वहीं चौरई के बेलखेड़ा के घोघरा में पानी के कुंड में दो नाबालिग डूबे थे जिसमें से पुलिस ने एक नाबालिग के शव को रेस्क्यू कर बरामद किया है जबकि एक अन्य नाबालिग की तलाश में पुलिस स्थानीय गोताखोर तथा एसडीआरएफ की मदद से तलाश में जुटी हुई है।
जुन्नारदेव थाना के डुंगरिया पुलिस चौकी क्षेत्र में बुधवार शाम को दोस्त का जन्मदिन मनाने गए एक ही गांव के दो किशोर तालाब में डूब गए, जिनके शव पुलिस ने गुरुवार को तालाब से बरामद किए है। ग्राम तराक के एक दर्जन नाबालिग बुधवार दोपहर कोठिदेव में ओपन कास्ट बंद कोयला खदान के पास दोस्त विकास बानवंशी का जन्मदिन मनाने गए थे। तालाब की गहराई अधिक होने से चार किशोर पानी में डूबने लगे। दो किसी तरह से तालाब से बाहर निकल गए, लेकिन दो किशोर ग्राम-तराक निवासी राजा पिता मनोहर बानवंशी (16) एवं आयुष पिता बल्लू जावरे (17) डूब गए। सूचना पर बुधवार शाम को पुलिस पहुंची तथा तलाश शुरू की गई लेकिन रात तक सफलता नहीं मिल पाई थी। गुरुवार सुबह फिर से रेस्क्यू शुरू किया गया, जिसके बाद सुबह के समय राजा तथा दोपहर में आयुष का शव तालाब से बाहर निकाला गया।
चौरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलखेड़ा के पास पिकनिक मनाने गए दो बच्चे बुधवार शाम पेंच नदी में डूब गए थे जिसमें से गुरुवार को एक नाबालिग का शव बरामद किया गया जबकि दूसरा को कोई पता नहीं चल पाया है। जिसकी तलाश में शुक्रवार को फिर से रेस्क्यू चलाया जाएगा। सिवनी प्राणमोती निवासी गौरव डेहरिया (14) और पातालेश्वर निवासी विनायक गुप्ता (17) अपनी बहन व अन्य दोस्तों के साथ पेंच नदी के पास पिकनिक मनाने गए हुए थे। घोघरावाटरफॉल के समीप बहन एवं उसकी दोस्त रील बना रही थी। इसी दौरान नदी की गहराई अधिक होने से गौरव व विनायक डूब गए। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस ने गुरुवार को गौरव डेहरिया के शव को स्थानीय गोताखोर तथा एसडीआरएफ ने बरामद किया है जबकि दूसरे नाबालिग विनायक गुप्ता की तलाश जारी है। शुक्रवार को फिर से पुलिस व एसडीआरएफ रेस्क्यू शुरू करेगी।
Published on: 29 May 2026 11:33 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।