
सडक़ पर साप्ताहिक बाजार बने थे मुसीबत
शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और मुख्य सडक़ों व हाइवे पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद छतरपुर ने बड़ा फैसला लिया है। वर्षों से सडक़ों और हाइवे किनारे लग रहे साप्ताहिक हाट बाजारों को अब वैकल्पिक स्थलों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। इस निर्णय से न सिर्फ यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि सडक़ दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
नगर पालिका द्वारा यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि शहर के प्रमुख मार्गों, हाइवे और तिराहों पर साप्ताहिक हाट बाजार लगने के कारण हर सप्ताह घंटों जाम की स्थिति बन जाती थी। खासतौर पर पुलिस लाइन रोड, सटई रोड, पठापुर रोड तिराहा, महोबा रोड और संकट मोचन तालाब रोड जैसे व्यस्त इलाकों में बाजार के दौरान वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो जाती थी। इससे आम नागरिकों, स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि हाट बाजारों को पूरी तरह बंद नहीं किया जा रहा, बल्कि उन्हें व्यवस्थित और सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस लाइन रोड पर लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार को सटई रोड स्थित होमगार्ड मैदान में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, पठापुर रोड तिराहा पर लगने वाला बाजार अब पटेरिया पार्क में लगेगा। महोबा रोड के किनारे सडक़ पर लगने वाले सब्जी और हाट बाजार को कृषि कार्यालय के मैदान में स्थानांतरित किया जा रहा है। इसी तरह संकट मोचन तालाब रोड पर सडक़ किनारे लगने वाले बाजार को सिंघाड़ी नदी के समीप शिफ्ट किया गया है।
नगर पालिका की टीम द्वारा इन स्थानांतरण की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से शुरू कर दी गई है। सबसे पहले पुराना पत्रा नाका क्षेत्र में पुलिस लाइन रोड के पास लगने वाले हाट बाजार को हटाकर नए स्थल पर व्यवस्थित किया गया है। आगामी दिनों में शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजारों को भी इसी तरह निर्धारित स्थलों पर स्थानांतरित किया जाएगा।
नगर पालिका सीएमओ माधुरी शर्मा ने बताया कि हाट बाजारों के स्थानांतरण से पहले सब्जी विक्रेताओं और फुटकर व्यापारियों को लगातार समझाइश दी जा रही है। नगर पालिका का उद्देश्य किसी भी विक्रेता का रोजगार प्रभावित करना नहीं है, बल्कि शहर की सडक़ों को जाम मुक्त और सुरक्षित बनाना है। नए स्थलों पर बाजार लगाने के लिए पर्याप्त जगह, साफ-सफाई और व्यवस्थित व्यवस्था की जा रही है, ताकि व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को सुविधा मिल सके।
सीएमओ ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई भी दुकानदार या विक्रेता सडक़ या हाइवे किनारे अवैध रूप से हाट बाजार या ठेला लगाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन ने सभी सब्जी, फल और अन्य फुटकर विक्रेताओं से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपनी दुकानें और ठेले लगाएं।
साप्ताहिक बाजार - 7
नेशनल हाइवे पर बाजार - 3
अन्य सडक़ों पर बाजार- 4
Updated on:
13 Feb 2026 10:51 am
Published on:
13 Feb 2026 10:50 am
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
