
खजुराहो रेलवे स्टेशन
पर्यटन नगरी खजुराहो को जल्द ही अत्याधुनिक और वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन की सौगात मिलने जा रही है। 181 करोड़ रुपए की लागत से चल रहे इस पुनर्निर्माण कार्य के अंतर्गत खजुराहो रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने पर स्टेशन के वर्तमान तीन प्लेटफार्मों की संख्या बढ़ाकर सात कर दी जाएगी, जिससे यात्रियों को सुविधा और बढ़ेगी और स्टेशन अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप विकसित होगा।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना मेजर अपग्रेडेशन ऑफ खजुराहो रेलवे स्टेशन के तहत जीएस एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ द्वारा संचालित की जा रही है। प्रोजेक्ट मैनेजर रमेश गौंड ने बताया कि न केवल प्लेटफार्मों की संख्या बढ़ाई जा रही है, बल्कि स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए 18 एस्केलेटर, 16 आधुनिक कांच की लिफ्ट और एक विशाल कॉन्कोर्स का निर्माण किया जा रहा है। कॉन्कोर्स ईस्ट और वेस्ट साइड की दोनों बड़ी इमारतों को जोडकऱ यात्रियों को प्लेटफार्म तक पहुंचने में आसानी प्रदान करेगा।
पुरानी इमारत को हटाकर बनाई जा रही नई संरचना में आधुनिक रनिंग रूम भी शामिल है, जहां ट्रेन चालक आराम कर सकेंगे। स्टेशन की यह नई संरचना भोपाल के कमलापति रेलवे स्टेशन से भी अधिक हाई-टेक होगी। स्टेशन का डिजाइन इस तरह किया गया है कि यह खजुराहो के विकसित और आधुनिक पर्यटन केंद्र के स्वरूप को दर्शाए। भविष्य में खजुराहो रेलवे स्टेशन एक बड़ा रेलवे जंक्शन भी बनेगा। खजुराहो से सतना और सिंगरौली रेल मार्ग जुडऩे के बाद यह स्टेशन देश के कई महानगरों से सीधे कनेक्ट हो सकेगा, जिससे रेल कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।
स्टेशन परिसर में 789 वाहनों की क्षमता वाली विशाल पार्किंग, सुंदर लैंडस्केपिंग, एग्जीबिशन गैलरी, फूड प्लाजा, क्राफ्ट बाजार, ओवरहेड टैंक और सीवरेज लाइन जैसी अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण भी किया जा रहा है। मुख्य और निकास द्वार को नेशनल हाइवे, खजुराहो और बमीठा मार्ग से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्री आसानी से अपने गंतव्य की ओर निकल सकेंगे। निर्माण कार्य में उच्च तकनीक मशीनों जैसे बूम प्लेसर का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे प्लिंथ से लेकर कॉलम तक कंक्रीट सीधे पाइपलाइन के माध्यम से डाली जा रही है। इससे न केवल कार्य की गति बढ़ रही है, बल्कि गुणवत्ता भी सुनिश्चित हो रही है।
कुल मिलाकर यह परियोजना खजुराहो को सिर्फ एक रेलवे स्टेशन ही नहीं, बल्कि एक हाई-टेक पर्यटन प्रवेश द्वार और विकसित भारत की आधुनिक छवि का प्रतीक भी बनाएगी। यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा के साथ-साथ आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा। इस परियोजना के साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिसके बाद खजुराहो रेलवे स्टेशन पूरी तरह से आधुनिक और वल्र्ड क्लास बनकर तैयार होगा।
Updated on:
12 Feb 2026 10:52 am
Published on:
12 Feb 2026 10:45 am
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
