बूंदी, May 30, 2026

बूंदी. लाखेरी सीमेन्ट फैक्ट्री। पत्रिका फोटो
बूंदी. जिले के लाखेरी कस्बे की पहचान रही एशिया की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक सीमेंट फैक्ट्री पिछले करीब डेढ़ माह से पूरी तरह बंद पड़ी है। वर्ष 1912-13 में ‘क्लिक निक्सन एंड कंपनी’ द्वारा स्थापित इस फैक्ट्री में वर्ष 1917 से सीमेंट उत्पादन शुरू हुआ था। हाड़ौती क्षेत्र को औद्योगिक पहचान दिलाने वाली यह फैक्ट्री अब खामोश है और इसके साथ ही हजारों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट गहरा गया है। यह फैक्ट्री पहले एसोसिएट सीमेंट कंपनी (एसीसी) के अधीन संचालित होती थी। करीब चार वर्ष पहले इसका टेकओवर अडानी समूह ने किया था।
टेकओवर के बाद भी उत्पादन जारी रहा, लेकिन अप्रेल माह से यहां उत्पादन पूरी तरह बंद है। हालांकि अब तक कंपनी प्रबंधन की ओर से फैक्ट्री बंद होने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन लंबे समय से उत्पादन ठप होने से स्थानीय लोगों में फैक्ट्री स्थायी रूप से बंद होने की आशंका बढ़ गई है।
करीब एक सदी से लाखेरी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ रही इस फैक्ट्री के बंद होने का असर अब पूरे कस्बे में दिखाई देने लगा है। जहां पहले मजदूरों, ट्रकों और कर्मचारियों की आवाजाही से बाजार गुलजार रहता था, वहां अब सन्नाटा पसरा नजर आने लगा है। फैक्ट्री पर निर्भर ठेकेदार, ट्रांसपोर्टर, होटल संचालक, किराना व्यापारी और छोटे कारोबारी आर्थिक संकट महसूस करने लगे हैं। फैक्ट्री में स्थायी और अस्थायी मिलाकर करीब एक हजार से अधिक लोग नियमित कार्यरत थे। इनके अलावा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 25 हजार लोग इस उद्योग से जुड़े हुए थे। उत्पादन बंद होने के बाद अब मजदूरों और कर्मचारियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
केशवरायपाटन विधायक सीएल प्रेमी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने पत्र में लिखा कि बिना किसी पूर्व सूचना के कंपनी प्रबंधन ने प्लांट बंद कर दिया, जिससे हजारों मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। कंपनी प्रबंधन लाखेरी प्लांट से मशीनें, कच्चा माल और अन्य सामग्री दूसरी यूनिटों में स्थानांतरित कर रहा है। वहीं दूसरी यूनिट अलग से माल मंगवाकर डीलरों को सप्लाई किया जा रहा है। विधायक ने चेतावनी दी कि उत्पादन बंद रहने से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और रोजगार पर गंभीर असर पड़ रहा है।
फैक्ट्री के संबंध में बात करने के लिए मैं अधिकृत नहीं हूं। मेरे पास ज्यादा जानकारी नहीं है। करीब डेढ़ माह से उत्पादन बंद है। जैसे ही कोई जानकारी आएगी, सभी को अवगत करा दिया जाएगा।
अनिल दुबे, एचआर मैनेजर, सीमेंट कंपनी लाखेरी
Published on: 30 May 2026 11:47 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।