घटना की जांच करते पुलिस के अधिकारी फोटो सोर्स महेंद्र
उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां निर्माणाधीन मकान में सो रही बुजुर्ग मां और उसकी बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बदायूं जिले के दातागंज कोतवाली क्षेत्र के बीरमपुर गांव में गुरुवार की आधी रात 70 वर्षीय शांति देवी (पत्नी वीरेंद्र सिंह) और उनकी 42 वर्षीय बेटी जयंती (पत्नी गजेंद्र सिंह) की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई। इस हमले में जयंती का मौसेरा भाई विपिन भी घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि जयंती, उनकी मां और मौसेरे भाई विपिन निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे। रात के समय नकाबपोश हमलावरों ने मां-बेटी पर हमला किया। बीच-बचाव करने आए विपिन पर भी चाकू से वार कर घायल कर दिया गया। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
जयंती की शादी वजीरगंज थाना क्षेत्र के रोटा गांव के रहने वाले गजेंद्र सिंह से हुई थी। लेकिन पति की मृत्यु के बाद वह मायके में रहने लगीं। मायके में रहते हुए उन्होंने एक जमीन खरीदी और हाल ही में वहां मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। जयंती अपनी मां के साथ वहीं रह रही थीं। विपिन का भी निर्माणाधीन मकान जयंती के मकान के सामने है। वह दिन में अपने घर का काम देखता और रात को मौसी व मौसेरी बहन के पास सोने आ जाता था। गुरुवार की रात वह देर से आया और बाहर चौकी पर सो गया। अचानक अंदर से चीख-पुकार सुनकर उसने दरवाजा खोला, लेकिन अंदर से बंद था। कई बार धक्का देने के बाद दरवाजा खुला तो एक नकाबपोश युवक बाहर निकलकर भागा। उसे रोकने की कोशिश में विपिन चाकू से घायल हो गया।
एसएसपी डॉक्टर बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों से बातचीत कर अहम जानकारियां जुटाई गई हैं। और टीम को मामले के खुलासे के लिए अलर्ट किया गया है। मृतका के भाई ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले जयंती ने ससुराल की जमीन बेची थी। जिससे प्राप्त रुपये को लेकर कुछ विवाद हुआ था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें घायल विपिन की भूमिका की भी जांच शामिल है।
Published on:
15 Aug 2025 04:30 pm
बड़ी खबरें
View Allबदायूं
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग