6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में महाराष्ट्र के सीएम फडणवीस से अपील, प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने मांगी सुरक्षा

Rohit Shetty Firing Case Update: बॉलीवुड डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के मामले में अब महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा गया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

2 min read
Google source verification
Rohit Shetty Firing Case Update

Rohit Shetty-Devendra Fadnasvis (सोर्स- एक्स)

Rohit Shetty Firing Case Update: मुंबई में मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने पूरे फिल्म जगत को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद अब इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर गहरी चिंता जताई है। संगठन ने न सिर्फ इस मामले की तेज और निष्पक्ष जांच की मांग की है, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर भी पुख्ता इंतजाम करने की अपील की है।

फिल्म इंडस्ट्री में डर का माहौल (Rohit Shetty Firing Case Update)

IMPPA के अध्यक्ष अभय सिन्हा द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया है कि हाल के दिनों में लगातार सामने आ रही फायरिंग और धमकी की घटनाओं ने फिल्म इंडस्ट्री में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि रोहित शेट्टी भारतीय सिनेमा के उन नामों में से हैं, जिन्होंने न सिर्फ मनोरंजन जगत को मजबूती दी है, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर भी हमेशा आगे बढ़कर योगदान दिया है। ऐसे में उनके घर के बाहर इस तरह की घटना होना बेहद चिंताजनक है।

कलाकारों और तकनीशियनों की सुरक्षा पर सवाल

अभय सिन्हा ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर गहन और पारदर्शी जांच करवाई जाए। साथ ही रोहित शेट्टी और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ पूरे फिल्म समुदाय को ये भरोसा दिलाया जाए कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह उनके साथ है। संगठन का मानना है कि अगर ऐसी घटनाएं दोहराई जाती रहीं, तो कलाकारों, निर्माताओं, तकनीशियनों और इंडस्ट्री से जुड़े हजारों लोगों के मन में डर बैठ सकता है।

पुलिस जांच में क्या सामने आया

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये फायरिंग बीते रविवार को हुई थी। जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को ऐसे संकेत मिले हैं कि कुछ असामाजिक तत्वों का मकसद फिल्म इंडस्ट्री में खौफ पैदा करना हो सकता है। पुलिस को ये भी जानकारी मिली है कि कई लोगों को धमकी भरे कॉल आए हैं, लेकिन डर के चलते वे सामने आकर बयान दर्ज नहीं करा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि लोग तथ्य छिपाते हैं, तो खुद संज्ञान लेकर कार्रवाई करना मुश्किल हो जाता है।

धमकी के इनपुट, लेकिन शिकायतें कम

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर भी कुछ संदिग्ध पोस्ट सामने आए हैं, जिनमें चेतावनी जैसे संदेश शामिल हैं। हालांकि रोहित शेट्टी ने खुद किसी भी तरह की धमकी मिलने से इनकार किया है। इसके बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए देश के अलग-अलग हिस्सों में टीमें भेजी हैं, ताकि फायरिंग में शामिल लोगों का पता लगाया जा सके।

इंडस्ट्री ने जताई एकजुटता

इस घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने आपसी बातचीत में चिंता जाहिर की है। IMPPA का मानना है कि सरकार के सख्त कदम ही इस डर को खत्म कर सकते हैं। संगठन को भरोसा है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाएगी।