
आमिर खान ने बताया अरिजीत सिंह से क्या हुई बातचीत
Aamir Khan Comment on Arijit Singh Retirement: इंडस्ट्री में उस समय हर कोई हैरान रह गया था जब बॉलीवुड सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट अनाउंस किया था। इसके कुछ ही दिन बाद 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' आमिर खान का एक वीडियो सामने आया था। वह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में पहुंचे थे और फिर अरिजीत सिंह के गृहनगर में दोनों की मुलाकात की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी थी।
हर कोई यही कयास लगा रहा था कि आमिर, अरिजीत को उनके प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के फैसले को बदलने के लिए मनाने गए हैं। अब खुद आमिर खान ने इस मुलाकात का असली कारण लोगों को बताया है और ये भी साफ किया कि बंद कमरे में दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी।
पत्रकार सुभाष के झा को दिए एक इंटरव्यू में आमिर खान ने माना कि उन्होंने अरिजीत सिंह से उनके संन्यास के फैसले पर बात की थी। आमिर ने कहा, "मैं वहां उन्हें मनाने नहीं गया था, लेकिन हां, मैंने उनसे उनके लिए हुए फैसले पर जरूर एक बार सोचने के लिए कहा था हालांकि, मुझे लगा कि उन्होंने अपना मन पक्का कर लिया है। अब शायद किसी के भी कहने से वह अपना इरादा नहीं बदलेंगे।" आमिर ने यह भी कहा कि अरिजीत जैसे महान कलाकार का फिल्मों से दूर जाना इंडस्ट्री और उनके फैंस के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है।
अरिजीत भले ही रिटायरमेंट के फैसले पर अडिग हैं, लेकिन आमिर खान के फैंस के लिए एक खुशखबरी भी है। आमिर ने बताया कि वह मुर्शिदाबाद अपने बेटे जुनैद खान की आने वाली फिल्म 'एक दिन' के सिलसिले में गए थे। उन्होंने कहा, "अरिजीत ने रिटायरमेंट के ऐलान से पहले ही इस फिल्म के लिए कमिटमेंट कर दिया था। अच्छी बात यह है कि वह अपनी बात के पक्के निकले। फिल्म 'एक दिन' में कुल पांच गाने हैं और खुशी की बात यह है कि ये पांचों गाने अरिजीत सिंह ही गाएंगे।" आमिर के मुताबिक, अरिजीत ने ये गाने इतनी खूबसूरती से गाए हैं कि वह जुनैद के किरदार में जान फूंक देंगे।
जुनैद खान की फिल्म 'एक दिन' का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है और इसे खुद आमिर खान प्रोड्यूस कर रहे हैं। यह फिल्म 1 मई, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। आमिर ने अरिजीत के टैलेंट की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक अद्भुत इंसान और कलाकार हैं।
Published on:
10 Feb 2026 10:52 am
