
विधवा महिला को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया ( Photo - Patrika )
CG News: छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में एक महिला के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है। सनसनीखेज घटना खोडरी चौकी क्षेत्र के रानीझाप गांव का है, जहां विधवा महिला को कथित तौर पर अर्ध नग्न कर गांव में घुमाया गया। बताया गया कि सजा के तौर पर महिला के कपड़़े उतार कर गांव में घुमाया गया, इस दौरान उसकी पिटाई भी की गई।
जानकारी के अनुसार महिला शादीशुदा एक पुरुष के साथ भाग गई थी। तीन महीने बाद गांव लौटने पर उस व्यक्ति के परिजनों ने महिला के साथ यह बर्ताव किया। ग्रामीणों और महिला के परिजनों ने उसे बचाया और पुलिस को सूचना दी। बता दें कि 35 वर्षीय पीड़ित महिला लगभग एक साल पहले अपने पति के निधन के बाद विधवा हो गई थी।
पति के निधन के बाद गांव के ही हरि प्रसाद राठौर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों 29 अक्टूबर को घर से भाग गए थे और मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम मालाचुवा में रह रहे थे। शुक्रवार को जब वे गांव वापस लौटे, तो विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद महिला और हरि प्रसाद के परिजन खोडरी चौकी पहुंचे थे। चौकी में महिला ने हरि प्रसाद के साथ रहने की इच्छा जताई, जिसके बाद सभी अपने गांव रानीझाप लौट आए।
शुक्रवार रात को हरि प्रसाद और महिला को गांव के भुल्लन गोंड़ ने अपने घर में शरण दी थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे हरि प्रसाद की पत्नी सरोज राठौर, भाई मनोज और यशोदा राठौर सहित अन्य लोग इकट्ठा हुए। उन्होंने महिला को पीटना शुरू कर दिया, उसे निर्वस्त्र किया और पूरे गांव में घुमाया। हमलावरों ने महिला पर गोबर भी पोता और उसे पीटते हुए गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित काली मंदिर तक ले गए।
इसके बाद पीड़ित महिला के परिजनों और ग्रामीणों, जिनमें अमर सिंह धुर्वे और दशरथ विश्वकर्मा शामिल थे, ने उसे बचाया। उन्होंने महिला को कपड़े पहनाए और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस गांव पहुंची और घायल महिला को अपने साथ ले गई। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
Published on:
25 Jan 2026 02:05 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
