
Breaking ( Patrika File Photo )
Breaking News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें अवैध रेत उत्खनन रोकने गए नायब तहसीलदार पर चालक ने जानलेवा हमला करने की कोशिश की। यह घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वट, सरवनदेवरी और खैरखंडी में हुई अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के दौरान सामने आई।
सूत्रों के अनुसार, रविवार को नायब तहसीलदार राहुल साहू अवैध रेत उत्खनन की कार्रवाई के लिए ग्राम गढ़वट पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। ट्रैक्टर का चालक, खैरखंडी निवासी रितुराज सिंह, आधी रेत को नदी में गिरा कर ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। जब नायब तहसीलदार ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन साहू ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। इसके बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर तेजी से बस्ती की ओर भाग गया।
नायब तहसीलदार राहुल साहू ने मामले में पुलिस को आवेदन दिया। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। आरोपी को बेलतरा के तहसीलदार कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे जमानत मिल गई। हालांकि इस मामले में ट्रैक्टर और रेत जब्त नहीं किया गया। नायब तहसीलदार राहुल साहू से बातचीत का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल बन गया है। स्थानीय लोग अवैध रेत उत्खनन और उससे जुड़ी घटनाओं को लेकर चिंतित हैं। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Published on:
02 Feb 2026 10:40 am

बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
