4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीकानेर, Jun 04, 2026

देशभर में चर्चा में रहे तिरुपति लड्डू विवाद की जांच बीकानेर तक पहुंची, ED की रेड में क्या सामने आया?

तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद में मिलावटी घी की सप्लाई मामले की जांच अब बीकानेर तक पहुंच गई है। ईडी ने शहर के कोयला गली क्षेत्र स्थित घी कारोबारी से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

ED Raid

ED की रेड (Photo X)

बीकानेर। देशभर में चर्चा में रहे तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद (लड्डू) में कथित रूप से मिलावटी घी की सप्लाई मामले की जांच अब बीकानेर तक पहुंच गई है। प्रवर्तन निदेशालय ( ED ) ने शहर के कोयला गली क्षेत्र स्थित घी कारोबारी मोहनलाल आशीष कुमार अग्रवाल से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर वित्तीय लेन-देन, कारोबारी रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक डाटा की पड़ताल की। कार्रवाई के बाद शहर के कारोबारी हलकों में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।

ईडी की अलग-अलग टीमों ने कारोबारी के मुख्य गोदाम, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और निजी आवास पर एक साथ कार्रवाई की। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दस्तावेज, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय अभिलेखों की जांच शुरू की। कार्रवाई को गोपनीय बनाए रखने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम भी किए गए।

तिरुपति प्रसादम मामले से जुड़े तार तलाश रही एजेंसी

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद में कथित रूप से मिलावटी या नकली घी की सप्लाई से जुड़े मामले की जांच का हिस्सा है। राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित इस प्रकरण में विभिन्न एजेंसियां पहले से जांच कर रही हैं। ईडी अब संभावित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

इससे पहले विशेष जांच दल (एसआईटी) और आयकर विभाग भी संबंधित प्रतिष्ठानों पर जांच कर चुके हैं। माना जा रहा है कि पूर्व जांच में मिले तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर ईडी ने आगे की कार्रवाई शुरू की है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित सप्लाई चेन और उससे जुड़े आर्थिक लेन-देन का दायरा कितना व्यापक है तथा किन-किन पक्षों की भूमिका सामने आती है।

सुरक्षा घेरे में रहा पूरा परिसर

ईडी की कार्रवाई के दौरान गोदाम और आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। जांच प्रक्रिया में व्यवधान न हो, इसके लिए बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित रखी गई। अधिकारियों ने पूरे परिसर को निगरानी में लेकर दस्तावेजों का सत्यापन किया।

आधिकारिक बयान का इंतजार

रेड में क्या सामने आया? इसको लेकर ईडी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद एजेंसी मामले से जुड़े तथ्यों और जांच की दिशा को लेकर जानकारी साझा कर सकती है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें