10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में समर्थन मूल्य में वृद्धि से बड़ी राहत, किसानों के खातों में कुल 12 हज़ार करोड़ डालेगी सरकार

Paddy farmers- समर्थन मूल्य में 69 रुपए की वृद्धि, किसानों को मिलेंगे कुल 12 हज़ार करोड़ रुपए

2 min read
Google source verification
Government to deposit a total of 12,000 crore in the accounts of paddy farmers in MP

Government to deposit a total of 12,000 crore in the accounts of paddy farmers in MP

Paddy farmers- मध्यप्रदेश में किसानों को आंशिक राहत मिली है। प्रदेश में इस बार धान का बंपर उत्पादन हुआ जिसके कारण रिकार्ड खरीदी भी हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि इस साल 51.74 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान उपार्जित की गई। उन्होंने बताया कि खरीफ़ सीजन में धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2369 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था जोकि पिछले सत्र की एमएसपी से अधिक है। किसानों को इससे बड़ी राहत मिली। राज्य सरकार, धान किसानों के खातों में कुल 12 हज़ार करोड़ से ज्यादा की राशि डालेगी जिसमें से ज्यादातर पैसों का भुगतान किया भी जा चुका है।

प्रदेश में खरीफ सीजन 2025-26 में 51.74 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों को इसकी राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जा रही है। शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के लिए तकनीक आधारित भुगतान प्रणाली लागू की गई है।

समर्थन मूल्य में की गई वृद्धि का किसानों को खासा लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि खरीफ़ सीजन में धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2369 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था, जो पिछले सत्र के एमएसपी से 69 रुपए अधिक है। पिछले खरीफ़ सीजन में धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 रुपए प्रति क्विंटल था। न्यूनतम समर्थन मूल्य में की गई इस वृद्धि का किसानों को खासा लाभ हुआ है।

खरीफ सत्र में प्रदेश में कुल 8 लाख 59 हज़ार 822 धान उत्पादक किसानों का पंजीयन किया गया था। इनमें से 7 लाख 89 हज़ार 757 किसानों ने स्लॉट बुक कर धान उपार्जन प्रक्रिया में भाग लिया। इन किसानों में से 7 लाख 62 हज़ार 620 किसान (89 प्रतिशत) धान विक्रेता के रूप में उपार्जन केंद्रों पर पहुंचे। इस वर्ष धान उपार्जन के लिए प्रदेश में 1,436 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए। सीजन में 51 लाख 74 हज़ार 792 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया। उपार्जित धान में से 48 लाख 38 हज़ार 637 मीट्रिक टन से अधिक धान का परिवहन भी पूरा कर लिया गया है। परिवहन किए गए धान में से 46 लाख 30 हज़ार 21 मीट्रिक टन धान गुणवत्ता परीक्षण के बाद स्वीकार किया जा चुका है।

कुल 12 हज़ार 259 करोड़ रुपए आंकलित

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस सीजन में उपार्जित धान के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य कुल 12 हज़ार 259 करोड़ रुपए आंकलित किया गया। बेची गई धान की यह पूरी राशि किसानों को दी जाएगी इस आंकलित मूल्य में से करीब 11 हज़ार करोड़ रुपए किसानों के बैंक खातों में सीधे अंतरित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उपार्जन मूल्य से किसानों को आर्थिक संबल मिला है।

बता दें कि प्रदेश में गत सत्र में तय न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कुल 43 लाख 52 हज़ार 905 मीट्रिक टन धान उपार्जित किया गया था। 6 लाख 69 हज़ार 272 किसानों से यह धान खरीदी गई थी।