
हिस्ट्रीशीटर जीतू के पैर में लगी गोली। फोटो- पत्रिका
भीलवाड़ा। जयपुर-बहरोड़ समेत चार जिलों के वांछित हिस्ट्रीशीटर जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू व भीलवाड़ा पुलिस के बीच रविवार शाम पुर थाना क्षेत्र में मुठभेड़ हुई। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर जितेन्द्र सिंह ने पुलिस टीम पर एक राउंड फायर किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली पैर में लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को बाद में हिरासत में ले लिया।
महात्मा गांधी चिकित्सालय भीलवाड़ा में आरोपी का कड़ी सुरक्षा में इलाज किया जा रहा है। उसकी हालत में सुधार है। जानकारी के अनुसार जयपुर, बहरोड़, अलवर व बूंदी का वांछित अपराधी कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पांचूडाला निवासी जितेन्द्र (22) पुत्र कबूलसिंह शेखावत के भीलवाड़ा में होने की सूचना पुलिस को मिली। आरोपी जयपुर के 3-4 मामलों में भी वांटेड है और उस पर इनाम घोषित है।
हिस्ट्रीशीटर जितेन्द्र की लोकेशन भीलवाड़ा में मिलने पर पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने स्थानीय पुलिस को अलर्ट कर दिया। आरोपी के सफेद लग्जरी जीप में हथियारों के साथ होने की सूचना को देखते हुए स्थानीय पुलिस टीम को सावधानी बरतने को कहा गया।
आरोपी के हाथीभाटा के निकट होने की सूचना पर पुर थाना पुलिस ने रविवार शाम नाकाबंदी की। शाम करीब पौने पांच बजे नाकाबंदी देखकर हिस्ट्रीशीटर जितेन्द्र सिंह ने जीप घुमा ली और हजारीखेड़ा की तरफ भागने लगा। पुर थाना पुलिस व डीएसटी टीम उसके पीछे लग गई।
हाथीभाटा-जिंदल रोड पर पुलिस टीम ने आरोपी की जीप रुकवा ली। इसी दौरान आरोपी नीचे उतरा और डीएसटी टीम पर एक राउंड फायर किया। गोली डीएसटी जवान के बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। आरोपी दूसरा फायर कर पाता, इससे पहले डीएसटी जवान ने स्वयं के बचाव में फायर किया। गोली हिस्ट्रीशीटर के दाहिने पैर में लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस जाप्ते ने उसे दबोच लिया। घायल को पुलिस महात्मा गांधी चिकित्सालय लेकर पहुंची।
पुलिस व अपराधी के बीच मुठभेड़ की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव, प्रशिक्षु आईपीएस आयुष व पुलिस उपाधीक्षक सज्जनसिंह राठौड़ अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने गोली बाहर निकाली। यादव ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का मुआयना भी किया।
यह वीडियो भी देखें
पुलिस अधीक्षक यादव ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर के भीलवाड़ा में होने की सूचना जयपुर कमिश्नरेट ने दी थी। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ कोटपूतली–बहरोड़, अलवर, बूंदी व जयपुर जिले में जानलेवा हमला, लूट, आर्म्स व अन्य धाराओं में कुल 16 मामले दर्ज हैं।
राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी : https://bit.ly/4bg81fl
Updated on:
25 Jan 2026 09:34 pm
Published on:
25 Jan 2026 09:19 pm

बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
