4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भरतपुर, Jun 03, 2026

भरतपुर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, भतीजे ने की चाचा की गोली मारकर हत्या

भरतपुर जिले के उच्चैन थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां भतीजे ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जंगलों में दबिश दे रही है।

Bharatpur murder case

फोटो पत्रिका नेटवर्क

भरतपुर। जिले के उच्चैन थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां भतीजे ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जंगलों में दबिश दे रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार घटना चकसेना गांव की है। बुधवार सुबह करीब 9 बजे साहब सिंह (70) और उसके भतीजे अनिल उर्फ अन्नू (38) के बीच जमीन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आकर अनिल ने अवैध हथियार निकाल लिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने अपने चाचा साहब सिंह पर गोली चला दी। गोली लगते ही साहब सिंह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अनिल हथियार लेकर फरार हो चुका था। ग्रामीणों ने तत्काल घायल साहब सिंह को उच्चैन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उच्चैन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।

2 साल पहले CRPF की नौकरी छोड़ी थी

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अनिल करीब दो साल पहले ही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की नौकरी छोड़कर गांव लौटा था। घटना के बाद से वह फरार है और पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में भी उसकी तलाश की जा रही है।

मृतक का बेटा धौलपुर में पुलिस विभाग में तैनात

ग्रामीणों के अनुसार मृतक साहब सिंह का बेटा धौलपुर जिले में पुलिस विभाग में तैनात है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है।

डीएसपी सुरेश कुड़ी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी और उसके चाचा के बीच किसी पुराने विवाद की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि वारदात के पीछे की वजह जानने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। भागते समय उसने घटना में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा और मोबाइल घर के पास ही फेंक दिया था। पुलिस ने दोनों को बरामद कर जब्त कर लिया है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें