
प्रतीकात्मक तस्वीर।
भदोही : भदोही जिले में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार सुबह खूनी संघर्ष हो गया। ताबड़तोड़ फायरिंग में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस जब शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने लगी तो मृतक के माता-पिता एम्बुलेंस के आगे लेट गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
घटना औराई थाना क्षेत्र की घोसिया चौकी अंतर्गत जंगला बनपुरवा गांव की है। मृतक की पत्नी आठ महीने की गर्भवती है, जो घटना के बाद से बेसुध है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे आशीष यादव (26) और उसका सगा भाई राजनाथ यादव अपनी जमीन पर बांस-बल्ली लगाकर बैरिकेडिंग कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी खेत के मालिक अपने परिवार और 6-7 अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि इसी बीच एक आरोपी ने लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर तीन राउंड फायरिंग कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने से पहले ही आशीष यादव ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल राजनाथ यादव को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। अखिलेश को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
मृतक के चाचा उमाशंकर ने बताया कि 4 बिस्वा जमीन को लेकर वर्ष 2019 से विवाद चल रहा है। जमीन पुश्तैनी है, जिस पर जबरन हिस्सेदारी मांगी जा रही थी। मामला कोर्ट में विचाराधीन है और जमीन पर स्टे भी लगा हुआ है।
जब पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने लगी, तो मृतक के पिता फूलचंद और मां इस्रावती एम्बुलेंस के आगे लेट गए। परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पर सीओ राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे, लोगों को समझाया और आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। इसके बाद परिजन शांत हुए।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Published on:
10 Feb 2026 08:18 pm
