29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बस्सी, Apr 25, 2026

“मां मेरा क्या कसूर…?” 1 घंटे में 2 लावारिस नवजात मिले, राजस्थान में दिल दहला देने वाली घटना, इंसानियत शर्मसार

Rajasthan Crime: करीब 3 बजे मानगढ़ खोखावाला में आबादी क्षेत्र के पास एक नवजात बालिका मिली। इसके करीब 1 घंटे बाद सिंदोली क्षेत्र में खाली जगह पर नवजात बालक मिलने की सूचना मिली।

Newborn Found

नवजात को दुलारती महिला। फोटो: पत्रिका

Abandoned Newborns Found In Kanota: कानोता थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मात्र एक घंटे के अंतराल में दो अलग-अलग स्थानों पर दो जीवित नवजात शिशु मिलने से सनसनी फैल गई। इन मासूमों को लावारिस छोड़ने की घटना ने न केवल पुलिस-प्रशासन, बल्कि आमजन को भी झकझोर कर रख दिया।

कुछ घंटों के अंतराल में मिली नवजात बालिका और बालक को पुलिस ने सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर किया गया।

जानकारी अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे मानगढ़ खोखावाला में आबादी क्षेत्र के पास एक नवजात बालिका मिली। इसके करीब 1 घंटे बाद सिंदोली क्षेत्र में खाली जगह पर नवजात बालक मिलने की सूचना मिली। दोनों घटनाओं की जानकारी फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही कानोता थाना पुलिस तत्परता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों नवजातों को सुरक्षित रूप से बस्सी के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम पहले से ही अलर्ट मोड पर मौजूद थी। वहां डॉक्टरों ने नवजातों का प्राथमिक उपचार कर उनकी गहन जांच की। डॉक्टरों के अनुसार दोनों शिशुओं की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई, जिससे कुछ हद तक राहत मिली।

बाद में बेहतर और विशेषज्ञ उपचार के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें जयपुर स्थित जेकेलॉन अस्पताल रैफर किया गया, जहां नवजातों के लिए विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही पुलिस ने दोनों नवजातों की समुचित देखरेख सुनिश्चित करने के लिए समाज कल्याण विभाग को पत्र लिखकर केयरटेकर उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को उचित संरक्षण और देखभाल मिल सके।

नवजात को दुलारा

घटनास्थल पर मौजूद महिलाओं ने नवजातों को गोद में लेकर दुलार किया, जिससे माहौल बेहद भावुक और करुणामय हो गया। ऐसा लगा मानो बच्चे अपनी मासूम आंखों से अपना दुःख कह रहे हों—'मां मेरा क्या कसूर?' यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति को अंदर तक झकझोर गया और कई लोगों की आंखें नम हो गईं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि नवजातों को छोड़ने वालों की पहचान की जा सके। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिससे भविष्य में ऐसे हृदयविदारक मामलों की पुनरावृत्ति न हो।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें