
फोटो - AI
Rajasthan : बालोतरा के पचपदरा नगर में लंबे समय से चली आ रही गंदे पानी की समस्या के समाधान के लिए अब ठोस पहल शुरू कर दी गई है। नगर विकास न्यास बालोतरा की ओर से पचपदरा में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करवाने के लिए कार्यादेश जारी किए गए हैं।
न्यास सचिव अशोक कुमार ने बताया कि डीपीआर तैयार करने से पहले नगर का विस्तृत सर्वे किया जाएगा। सर्वे के माध्यम से पचपदरा तालाब में विभिन्न नालों और निकासी बिंदुओं से पहुंचने वाले गंदे पानी का अध्ययन किया जाएगा। इसके आधार पर ऐसी योजना तैयार की जाएगी, जिससे गंदे पानी को तालाब में जाने से रोका जा सके और उसे ट्रीटमेंट प्लांट में शुद्ध किया जा सके।
अशोक कुमार ने बताया कि प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण की अनुमानित लागत करीब 8 करोड़ रुपए आंकी गई है। वहीं इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने पर लगभग 4 लाख रुपए खर्च होंगे। डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना को स्वीकृति के लिए राज्य सरकार को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद एसटीपी निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
अशोक कुमार ने बताया कि इस परियोजना के लागू होने से पचपदरा तालाब में गंदे पानी का प्रवाह रुक सकेगा, जिससे तालाब का पानी स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी। साथ ही नगर में सीवरेज प्रबंधन की व्यवस्था बेहतर होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
एसटीपी बनने से तालाब की स्वच्छता बनी रहेगी तथा आसपास के क्षेत्रों में फैलने वाली गंदगी और दुर्गंध की समस्या से भी राहत मिलेगी।
Updated on:
13 Mar 2026 02:37 pm
Published on:
13 Mar 2026 02:27 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
